BIHAR POLITICS : सांसद पप्पू यादव ने गृहमंत्री के सीमांचल दौरे पर याद दिलाए चुनावी वादे, पूर्णिया में मखाना एवं मक्का की फैक्ट्री की मांग

Edited By:  |
bihar politics bihar politics

पूर्णिया:केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सीमांचल दौरे पर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए मांग किया है कि पूर्णिया में मखाना एवं मक्का की फैक्ट्री लगाई जाए. उन्होंने कहा है कि अमित शाह सीमांचल दौड़े पर हैं. इसलिए उन्हें चुनाव के समय किए गए वायदे का याद दिलाना चाहूंगा. उन्होंने वायदा किया था कि पूर्णिया और आसपास के किसानों को मक्का और मखाना आधारित फैक्ट्री दिया जाएगा. साथ ही सबसे निचले पायदान पर खड़े सीमांचल वासियों के लिए विशेष पैकेज की भी पप्पू यादव ने मांग की.

वहीं पप्पू यादव ने कहा कि विधानसभा में एक मंत्री ने सभी नेताओं की फाइल होने की बात कही है. वह उनका स्वागत करते हैं लेकिन उस फाइल को दबाने से ज्यादा सार्वजनिक करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि बिहार के विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों ही डरे हुए हैं.

पप्पू यादव ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा राहुल गांधी पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राहुल गांधी की लोकप्रियता देश ही नहीं बल्कि विश्व के सर्वमान्य नेता की है और भाजपा के पास अपना कोई एजेंडा नहीं है. इसीलिए राहुल गांधी को बदनाम करते रहते हैं. एक बार फिर पप्पू यादव ने पटना में हुए नीट छात्रा की बलात्कार के बाद हत्या का सवाल उठाया और कहा कि जब हमने यह सवाल उठाया तो हमारे खिलाफ साजिश रची गई. हमारा सिक्योरिटी घटा दिया गया.

पूर्णिया से जेपी मिश्रा की रिपोर्ट--