BIHAR NEWS : सरकार की बेहतरीन पहल,राजधानी में जल्द शुरू होगी ‘अल्ट्रा पॉड्स’ स्मार्ट परिवहन सेवा
पटना: राजधानी में स्मार्ट और आधुनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बिहार सरकार ने नई पहल की है. इसके तहत राजधानी में ‘अल्ट्रा पॉड्स’ (UltraPODs by Ultra PRT) परियोजना शुरू की जाएगी. जिससे पुराने सचिवालय परिसर और आस-पास के प्रमुख प्रशासनिक भवनों के बीच तेज और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी.
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और Larsen & Toubro (एल एंड टी) की टीम के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में कंपनी ने परियोजना की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की. लगभग 296 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस योजना के तहत लगभग पांच किलोमीटर लंबे ट्रैक पर अल्ट्रा पॉड्स का संचालन किया जाएगा.
इसका रूट विश्वेश्वरैया भवन से शुरू होकर विकास भवन और विधानसभा होते हुए पुराने सचिवालय तक जाएगा. प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद इस परियोजना को लगभग 15 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
अल्ट्रा पॉड्स दरअसल पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (PRT) प्रणाली पर आधारित एक अत्याधुनिक और पूरी तरह स्वचालित परिवहन व्यवस्था है. इसमें कैप्सूलनुमा छोटे वाहन निर्धारित ट्रैक पर चलते हैं और यात्रियों को बिना किसी अनावश्यक रुकावट के सीधे उनके गंतव्य तक पहुंचाते हैं. प्रत्येक पॉड में छह लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी और हर सात सेकंड के अंतराल पर अगला पॉड उपलब्ध रहेगा. इस ट्रैक पर कुल 59 पॉड्स चलाने की योजना है.
परियोजना के पहले चरण में कुल 09 स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें से दो स्टेशनों के पास पार्किंग की सुविधा भी होगी. इसके अलावा पूरे नेटवर्क की निगरानी के लिए एक कंट्रोल रूम और अल्ट्रा पॉड पार्किंग सुविधा भी विकसित किया जाएगा.
यह परियोजना पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल होगी और इसके निर्माण में किसी भी पेड़ को नहीं काटा जाएगा. इसके शुरू होने से सरकारी कार्यालयों के बीच आवागमन तेज होगा. ट्रैफिक जाम और प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद है.





