BIHAR NEWS : सीएम सम्राट ने मुंगेर में 10 मॉडल विद्यालयों का किया शुभारंभ, प्लस टू किसान वैदिक हाईस्कूल का किया उद्घाटन
मुंगेर : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुंगेर जिले के तारापुर प्रखंड स्थित लौना गांव में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात दी है. मुख्यमंत्री ने सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श) विद्यालय सह +2किसान वैदिक उच्च विद्यालय का उद्घाटन किया और इसी परिसर से तारापुर विधानसभा क्षेत्र सहित जिले के चयनित मॉडल विद्यालयों का भी औपचारिक शुभारंभ किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से इन मॉडल विद्यालयों में स्मार्ट क्लास,अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं,कंप्यूटर कक्षाएं और समृद्ध पुस्तकालय की सुविधा विकसित की गई है. उद्घाटन किए गए विद्यालयों में लौना का +2किसान वैदिक उच्च विद्यालय,गनैली,रनग्राम,असरगंज,चाखंड,संग्रामपुर,बढ़ौनियां,मंझगांय,हवेली खड़गपुर और मुजफ्फरगंज के विद्यालय शामिल हैं. जिला परियोजना प्रबंधन इकाई,मुंगेर की अनुशंसा पर इन विद्यालयों को सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में विकसित किया गया है.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने साइंस लैब,स्मार्ट क्लास,पुस्तकालय और विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक विनय कुमार,मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार,प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा,डीआईजी राकेश कुमार,जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणिकर,पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद,स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. मुख्यमंत्री का स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत करते हुए उन्हें विशाल पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया.
मुंगेर से अमृतेश सिन्हा की रिपोर्ट--





