BIHAR NEWS : मुंगेर मंडलकारा में बंद विचाराधीन बंदी की इलाज के दौरान मौत, जांच में जुटी पुलिस
मुंगेर:बड़ी खबर मुंगेर से है जहां मंडलकारा में बंद विचाराधीन बंदी की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई. छत से कूदने की आशंका व्यक्त की गई है. बताया जा रहा है कि भाई की हत्या के आरोप में कैदी न्यायिक हिरासत में था. परिजनों ने जेल प्रशासन पर आरोप लगाया है. पुलिस और जेल प्रशासन जांच में जुटा है.
मुंगेर मंडलकारा में बंद विचाराधीन बंदी की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान खड़गपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह मनीष कुमार अचानक जेल की छत पर पहुंच गया और वहां से छलांग लगा दी. ऊंचाई से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने तत्काल उसे इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया. हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, मनीष कुमार अपने ही बड़े भाई की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और न्यायिक हिरासत में मुंगेर मंडलकारा में बंद था. घटना के बाद जेल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुट गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है.
वहीं, जेल प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि बंदी किन परिस्थितियों में जेल की छत तक पहुंचा और उसने यह कदम क्यों उठाया. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. वहीं घटना की सूचना के बाद सदर अस्पताल पहुंच परिजनों ने जेल प्रशासन पर आरोप लगाया और इस मामले की जांच करवाने की बात कही.
मुंगेर से अमृतेश सिन्हा की रिपोर्ट –





