PATNA : केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने विपक्ष पर बड़ा हमला बोला है, वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण और फर्जी नामों को हटाने के मामले पर विपक्ष के विरोध को लेकर मांझी ने कहा कि यह स्पष्ट संकेत है कि विपक्ष नहीं चाहता कि वोटर लिस्ट से गड़बड़ियों को हटाया जाए। उन्होंने कहा हमें पता है कि ऐसी कई कांस्टीट्यूएंसी हैं जहां 25,000 से 30,000 तक बोगस वोटर बनाए गए हैं, जब ये फर्जी वोट हटेंगे तो डर किसे होगा? जो सच में हैं उन्हें डरने की जरूरत नहीं डर उन्हें है जो गलत हैं।
ओवैसी द्वारा बिहार में एनआरसी लागू करने के आरोपों पर मांझी ने कहा उनके बारे में कुछ कहना ठीक नहीं है। एनडीए को लेकर चिराग पासवान की सक्रियता पर उन्होंने कहा एनडीए को मजबूत करने का जो प्रयास हो रहा है, वह स्वागत योग्य है। तेजस्वी यादव के कलम बनाम तलवार बयान पर मांझी ने पलटवार करते हुए कहा तेजस्वी यादव के पिता लाठी में तेल पिलाने का काम करते थे, तेजस्वी को भी उनके नक्शे-कदम पर चलना चाहिए।
बिहार में 20 महीने के लिए अवसर देने की तेजस्वी यादव की मांग पर मांझी ने कहा यह पूरी तरह से गलत मांग है। जनता ने लालू यादव के शासन को देखा है जिसे 'जंगल राज' कहा जाता है, आज भी आरजेडी के लोग 70% जमीन पर कब्जा जमाए बैठे हैं। जो घटनाएं हो रही हैं चाहे वह बलात्कार हो या हत्या अधिकतर में आरजेडी के कार्यकर्ता शामिल हैं, अगर इन्हें 10 महीने भी मिल गए तो बिहार की हालत नारकीय हो जाएगी।
सीट शेयरिंग पर चिराग पासवान द्वारा स्वाभिमान के साथ समझौता नहीं वाले बयान पर मांझी ने कहा इस पर अंतिम फैसला एनडीए नेतृत्व ही करेगा। वहीं पश्चिम बंगाल में महिला के साथ हुई कथित दुष्कर्म की घटना पर मांझी ने कहा वहां का लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह फेल हो चुका है, ममता बनर्जी को जवाबदेही लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।

