दिवाली और छठ पूजा के मौके पर अपने घर बिहार लौट रहे यात्रियों के लिए उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से दुखद खबर सामने आई है। दिल्ली से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही एक प्राइवेट लग्जरी बस शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में दो की स्थिति गंभीर है।जानकारी के अनुसार, हादसा कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र में लबनिया चौराहे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर हुआ। दुर्घटनाग्रस्त बस शिवा बस कंपनी की बताई जा रही है। यह बस दिल्ली के आनंद विहार से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही थी। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। इनमें अधिकांश लोग दिवाली और छठ पूजा मनाने अपने घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और खिड़कियों के शीशे टूट गए। हादसे में दो पुरुष यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात वर्षीय बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृत बच्ची की पहचान आखिरी कुशवाहा के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। कुशीनगर मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी एवं ट्रामा सेंटर के प्रभारी पुष्कर पाठक के अनुसार, दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस घटना के बाद बिहार लौट रहे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
