पटना:बिहार में शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए फिलहाल राहत टल गई है. विधान परिषद चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग ने शिक्षा विभाग को ट्रांसफर-पोस्टिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की अनुमति नहीं दी है. ऐसे में अब शिक्षकों को चुनावी प्रक्रिया पूरी होने तक इंतजार करना होगा.
शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर निर्वाचन विभाग से मार्गदर्शन मांगा था. लेकिन निर्वाचन विभाग से हरी झंडी नहीं मिलने के बाद पूरी प्रक्रिया फिलहाल स्थगित कर दी गई है. शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में जल्द आधिकारिक पत्र जारी किए जाने की संभावना है.
हालांकि,शिक्षकों के लिए राहत की बात यह है कि रोक लंबे समय के लिए नहीं है. बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होना है,जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना होगी. चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवंबर के पहले सप्ताह से ट्रांसफर-पोस्टिंग की प्रक्रिया दोबारा शुरू किए जाने की संभावना है.
इन 8 सीटों में 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक सीटों में पटना,तिरहुत,दरभंगा और कोसी तथा शिक्षक सीटों में पटना,सारण,तिरहुत और दरभंगा शामिल हैं.
चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक फैसलों के लिए निर्वाचन विभाग की अनुमति जरूरी होने के कारण शिक्षा विभाग को ट्रांसफर-पोस्टिंग रोकनी पड़ी है.
6 अक्टूबर तक कुल 164 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था,जिनमें 12 नामांकन खारिज होने के बाद 152 उम्मीदवार मैदान में हैं.
अब शिक्षकों की नजर 27 अक्टूबर के बाद शिक्षा विभाग के फैसले पर है. अगर सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार हुआ,तो नवंबर के पहले सप्ताह में ट्रांसफर-पोस्टिंग की प्रक्रिया फिर शुरू हो सकती है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
