BIG NEWS : कब्रिस्तान में उमड़ा जनसैलाब, यूपी में सड़क हादसे के 5 मृतकों को दी गई अंतिम विदाई
पलामू : उत्तर प्रदेश में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने मेदिनीनगर शहर को गहरे सदमे में डाल दिया है.किछौछा शरीफ से लौट रहे शहर के5लोगों की असमय मौत के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया,जबकि एक घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
शनिवार देर रात जैसे ही मृतकों के शव उनके घर पहुंचे,परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई. अपनों को खोने का दर्द हर चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था. घरों में मातम पसरा रहा और सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा.
रविवार सुबह चार मृतकों को पुलिस लाइन रोड स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. जनाजे में शहर के विभिन्न वर्गों के लोग उमड़ पड़े. मुस्लिम समुदाय के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि,सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य समुदायों के लोगों ने भी पहुंचकर दिवंगत आत्माओं को अंतिम विदाई दी.
कब्रिस्तान में मौजूद हर आंख नम थी. एक साथ पांच लोगों की मौत की इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. लोगों के बीच सिर्फ एक ही चर्चा रही कि घर से इबादत और दुआ के सफर पर निकले लोग अब कभी वापस नहीं लौटेंगे.
शहर में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों के प्रति लोग अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं. वहीं पांचवें मृतक को आज शाम सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लंबी यात्राओं के दौरान सतर्कता की आवश्यकता को याद दिला दिया है.
पलामू से नितेश तिवारी की रिपोर्ट--





