BIG NEWS : बेगूसराय में स्कूल में लोहे के ग्रिल से दबकर छात्र की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया जमकर हंगामा
बेगूसराय: बड़ी खबर बिहार केबेगूसराय से है जहां बछवाड़ा थाना क्षेत्र के अरवा पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय जहानपुर में आठवें वर्ग में बुधवार को अचानक छात्र के शरीर पर ग्रिल गिर गया जिससे दबकर उसकी मौत हो गई. घटना से सनसनी है. लोग आक्रोशित होकर स्कूल में जमकर हंगामा किया है.
बताया जा रहा है कि बुधवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय जहानपुर में अष्टम वर्ग में छात्र जब कक्षा में पहुंचा तो वहां पहले से रखा ग्रिल गिर गया जिसमें दबकर छात्र की मौत हो गई. घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित होकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं विद्यालय परिसर में बन रहे भवन का काम करवा रहे कर्मी को बंधक बना लिया और विद्यालय में तोड़फोड़ करने लगे. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने प्रधानाध्यापक के साथ मारपीट कर कमरे में भी बंद किया. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया. लेकिन ग्रामीण आक्रोश में आ गए और उपद्रव करने लगे. इसके बाद हालत बिगड़ने लगी तो बछवाड़ा थाना की पुलिस के अलावा मंसूरचक थाना, भगवानपुर थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा बुझा रही है. मृत छात्र की पहचान अरवा पंचायत के वार्ड संख्या 3 निवासी फूलों यादव के 14 वर्षीय पुत्र मुन्ना कुमार के रूप में हुई है. फिलहाल हंगामा जारी है और पुलिस प्रशासन भीड़ को समझाने का प्रयास कर रही है.





