गोपालगंज: बिहार में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जांच के बीच विशेष निगरानी इकाई (SVU)ने शुक्रवार को गोपालगंज की अपर जिला दंडाधिकारी (ADM)राजेश्वरी पाण्डेय के सरकारी आवास और कार्यालय पर छापेमारी की। शहर की ब्लॉक कॉलोनी स्थित सरकारी आवास और कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यालय में टीम ने करीब सात घंटे तक तलाशी ली। इस दौरान जमीन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई।

कार्रवाई के दौरान सरकारी आवास से जमीन से संबंधित कुछ कागजात मिलने की जानकारी सामने आई है। छापेमारी में शामिल डीएसपी एके अकेला के मुताबिक,आवास से पटना सहित अन्य स्थानों पर संपत्ति अर्जित करने से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। इन दस्तावेजों की जांच की जा रही है,ताकि संपत्ति से जुड़े तथ्यों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

SVUकी टीम ने तलाशी के दौरान महत्वपूर्ण कागजात और अन्य तथ्यों की पड़ताल की। कार्रवाई में दो इंस्पेक्टर और चार अन्य पुलिस पदाधिकारी भी शामिल रहे। अधिकारियों ने आवास के गार्ड से भी पूछताछ की। छापेमारी के दौरान सरकारी आवास के बाहर सन्नाटा पसरा रहा।

राजेश्वरी पाण्डेय बिहार प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं। बताया जाता है कि वह बिहार लोक सेवा आयोग की 47वीं बैच की पदाधिकारी हैं। गोपालगंज मेंADMके पद पर तैनाती से पहले वह राज्य के विभिन्न जिलों और विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। उनका मूल निवास रोहतास जिले के करगहर क्षेत्र के ठोहसन गांव में बताया गया है।

फिलहाल,बरामद दस्तावेजों के आधार पर संपत्तियों के कुल मूल्य और उनके स्रोत को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।SVUकी इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-