रामगढ़ : बड़ी खबर रामगढ़ से है जहां पुलिस ने फैक्ट्री में कॉपर वायर एवं अन्य सामानों की लूट मामले में 7 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गये आरोपियों के पास से देसी कट्टा, 2 जिन्दा गोली और 1 लाख 3 हजार रुपये बरामद किया गया है. 12 जनवरी की देर रात चाहा स्थित दयाल स्टील फैक्ट्री में हथियार का भय दिखाकर अपराधियों ने लूटपाट की थी.

मामले में एसपी के द्वारा कांड की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया. गठित टीम के द्वारा घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी में आये फुटेज एवं तकनीकी जांच के आधार पर छापेमारी की गई और घटना में संलिप्त 7 आरोपी युवकों को पकड़ा है.

एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि बारलौंग छत्तरमांडू क्षेत्र में दयाल स्टील फैक्ट्री में लूटपाट में संलिप्त अपराधी फिर से कुज्जू में लूटपाट करने के लिए जा रहे हैं. सूचना के बाद आवश्यक कार्रवाई हेतु एसआईटी को निर्देशित किया गया. एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई कर छत्तरमांडू के पास बिना नंबर के पास बोलेरो वाहन से 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गये आरोपियों में अख्तर अली, सन्नी कुमार ,रणधीर कुमार,नागेश्वर बेलदार,पंकज कुमार,गौरी कुमार एवं मुकेश कुमार शामिल है.गिरफ्तार आरोपियों के पास से देसी कट्टा, 2 जिन्दा गोली और 1 लाख 3 हजार रुपये जब्त किया गया है.

रामगढ़ से मुकेश कुमार की रिपोर्ट--