रफ्तार का कहर : पिकअप वैन ने रिटायर्ड आर्मी जवान की पत्नी को रौंदा

Edited By:  |
BHOJPUR ME ACCIDENT ME MAUT BHOJPUR ME ACCIDENT ME MAUT

आरा। आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के जीरो माइल पर गुरुवार की देर रात बेलगाम पिकअप ने सड़क पार कर रही रिटायर्ड आर्मी मैन की पत्नी को रौंद दिया। हादसे में उनकी मौत हो गई। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा। वही घटना के बाद चालक पिकअप लेकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार मृतका नवादा थाना क्षेत्र के विष्णु नगर बैंक कॉलोनी निवासी सह रिटायर्ड आर्मी मैन राधा मोहन सिंह की 65 वर्षीया पत्नी रामरतो देवी हैं।

मृतका की बेटी ममता सिंह ने बताया कि वह अपनी मां एवं बच्चों के साथ जीरो माइल स्थित सैनिक कैंटीन में चीनी खरीदने गई थी। चीनी खरीदने के बाद वे सभी कैंटीन से बाहर निकली तो बच्चों ने आइसक्रीम खाने के लिए कहा। तभी वह बच्चों को आइसक्रीम खरीदाने लगी। उसी उनकी मां सड़क पार कर रही थी। तभी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बेलगाम पिकअप ने उन्हें रौंद दिया। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। इसके बाद परिजन द्वारा उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने देख उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात परिजन द्वारा इसकी सूचना सदर अस्पताल में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी को दी गई। सूचना पाकर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया। बताया जाता है कि मृतका को एक पुत्री ममता सिंह एवं एक पुत्र अरविंद सिंह है। घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया है। इस घटना के बाद मृतका के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरा से विवेक कुमार की रिपोर्ट