भोजपुर : सदर अस्पताल में लापरवाही का आरोप,बुजुर्ग की मौत के बाद परिजनों का हंगामा
भोजपुर:जिले के आरा सदर अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में इलाज में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है. छत से गिरकर घायल हुए 67 वर्षीय बच्चा सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई. जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया. परिजनों का कहना है कि डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाएं,इंजेक्शन और नियमित इलाज समय पर नहीं किया गया,जिसके कारण उनकी मौत हो गई.
सदर अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में थे भर्ती
मृतक बच्चा सिंह सहार थाना क्षेत्र के बरुना गांव के रहने वाले थे. बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब 15 वर्षों से जगदीशपुर थाना क्षेत्र के सियरूआ गांव स्थित अपनी बहन के घर पर रहकर नौकरी करते थे.परिजनों के अनुसार, बारिश के दौरान वह घर की छत पर फिसलकर गिर गए थे,जिससे उनकी हड्डी टूट गई थी. पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया,फिर उन्हें रेफर कर आरा सदर अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया.
ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों पर वार्ड में नहीं पहुंचने का आरोप
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर ने मरीज के लिए जांच,दवा और नियमित इलाज का निर्देश दिया था,लेकिन दो दिनों तक न तो लिखी गई दवाएं दी गई और ना ही जरूरी उपचार किया गया. उन्होंने कहा कि कई बार डॉक्टरों से मरीज को देखने की गुहार लगाई गई,लेकिन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर वार्ड में नहीं पहुंचे.यहां तक कि नर्स द्वारा बुलाने के बावजूद डॉक्टर मरीज को देखने नहीं आए.
समय पर इलाज नहीं करने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि उन्हें कई दवाएं और इंजेक्शन बाहर से खरीदकर लाने पड़े. जब मरीज की हालत अत्यंत गंभीर हो गई, तब भी समय पर इलाज नहीं मिला. उनका कहना है कि बाद में डॉक्टर औपचारिकताएं पूरी करने के लिए ईसीजी सहित अन्य जांच कराने की बात कहने लगे.
मामले की निष्पक्ष जांच की मांग
मृतक के परिजन विक्की सिंह ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अस्पताल के CCTV फुटेज की मांग की है. उनका आरोप है कि अस्पताल कर्मियों की लापरवाही के कारण ही बुजुर्ग की जान गई.घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. हालांकि, इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.





