PATNA :बिहार में क्राइम का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। बेखौफ अपराधियों द्वारा लगातार पुलिस को खुली चुनौती दी जा रही है और बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। इधर, सूबे में आउट ऑफ कंट्रोल हो रहे अपराध को लेकर प्रदेश की सियासत गरमाती दिख रही है। विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है। इस बीच सत्तापक्ष की तरफ से भी पलटवार किया जा रहा है। इस दौरान नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने बेतुका बयान दिया है, जिसके बाद सियासी माहौल और गरमा गया है।
जेडीयू प्रवक्ता का बेतुका बयान
जेडीयू के विधान पार्षद और मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि बिहार की विधि-व्यवस्था काफी बेहतर है। हालांकि कुछ आपराधिक घटनाएं जरूर बढ़ी हैं लेकिन इसपर कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही नीरज कुमार ने बीजेपी नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें लॉ एंड ऑर्डर पर बोलने की कोई जरूरत नहीं है।
बीजेपी नेताओं पर बरसते हुए जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने बेतुका बयान दिया है और कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय आंकड़े आए हैं, जिससे ये पता चलता है कि भारत की कानून-व्यवस्था पाकिस्तान से भी बदतर है। नीरज कुमार ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में आपराधिक घटनाओं में कमी आयी है। एनडीए की तुलना में महागठबंधन की सरकार के दौरान क्राइम में कमी आयी है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर बरसते हुए नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि बीजेपी के लोग बेवजह में हंगामा कर रहे हैं।
जेडीयू का बीजेपी पर सीधा हमला
वहीं, बीजपी द्वारा बिहार विधान परिषद में हरि सहनी को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी देने पर नीरज कुमार ने हमला किया और कहा कि बिहार बीजेपी अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने डिग्री को लेकर फर्जीवाड़ा किया है लिहाजा इससे बचने के लिए बीजेपी ने हरि सहनी पर नेता प्रतिपक्ष बनाया है लेकिन पीएम मोदी ने मछुआरे समाज के लिए जो घोषणा की थी, उसको भी लागू नहीं किया है। इससे बड़ी धोखेबाज़ी क्या हो सकती है।

