बड़ा हादसा टला : मुजफ्फरपुर में चलती कार में लगी भीषण आग, कार में सवार 6 लोग सुरक्षित निकले बाहर
मुजफ्फरपुर: बिहार केमुजफ्फरपुर में बुधवार को चलतीXUV500 कार में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई. घटना मुशहरी थाना क्षेत्र में नरौली चौक के पास की बताई जा रही है. कार में एक ही परिवार के छह लोग सवार थे और सभी सुरक्षित बच गए.

जानकारी के अनुसार,परिवार के लोग कार से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान अचानक वाहन से धुआं निकलने लगा. चालक को जैसे ही आग लगने का आभास हुआ,उसने तत्काल कार को सड़क किनारे रोक दिया. इसके बाद कार में सवार सभी छह लोग आनन-फानन में वाहन से बाहर निकल गए. कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया.
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखतेXUV500 धू-धूकर जलने लगी. सड़क पर मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. आग की लपटों को देखकर आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया. सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया गया.
बताया जा रहा है कि घटना में कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई. हालांकि,राहत की बात यह रही कि चालक की सूझबूझ और समय रहते सभी लोगों के वाहन से बाहर निकल जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया. कार में सवार परिवार के सभी छह लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण का पता नहीं चल सका है. प्रारंभिक तौर पर वाहन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है. घटना के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल रहा. पुलिस और संबंधित अधिकारियों द्वारा घटना की जानकारी जुटाई जा रही है. इस हादसे ने चलती गाड़ियों में आग लगने की घटनाओं को लेकर एक बार फिर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
संजय कुमार की रिपोर्ट--





