Hindi News / दूसरी सोमवारी पर बाबा पर जलार्पण के लिए उमड़ी भीड़,बोल बम की गूंज

बाबानगरी में शिवभक्तों का जनसैलाब : दूसरी सोमवारी पर बाबा पर जलार्पण के लिए उमड़ी भीड़,बोल बम की गूंज

Edited By:  |
babanagri ki dharti par shivbhakto ka jansailab babanagri ki dharti par shivbhakto ka jansailab

देवघर:राजकीय श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी में अहले सुबह से आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा. बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण के लिए देश के कोने-कोने से पहुंचे कांवरियों का उत्साह चरम पर है. श्रद्धालुओं की भीड़ का आलम यह रहा कि रात्रि करीब 1 बजे ही कांवरियों की कतार नंदन पहाड़ से बढ़ते हुए चमारीडीह पुल तक पहुंच गई.

पट खुलते ही कांवरियों ने सुव्यवस्थित तरीके से किया जलार्पण

दूसरी सोमवारी पर बाबा पर जलार्पण के लिए उमड़ी भारी भीड़ के मद्देनजर पूरा मेला क्षेत्र शिवभक्ति में डूबा नजर आया. सुबह ठीक 4:17 बजे बाबा मंदिर का पट खुलते ही कांवरियों ने सुव्यवस्थित तरीके से जलार्पण शुरू किया. पट खुलने के साथ ही बाबा के दर्शन और जलार्पण को लेकर शिव भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.

‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ की जयघोष

रूट लाइन में आगे बढ़ते कांवरियों की जुबान पर सिर्फ ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष सुनाई दे रहे हैं. जयघोष से पूरा मेला क्षेत्र और कांवरिया पथ गुंजायमान है. देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिवभक्त कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं और पूरी आस्था एवं निरंतरता के साथ बीएड कॉलेज होकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर की ओर बढ़ रहे हैं.

कांवरियों की लंबी कतार के बावजूद श्रद्धालुओं में भारी उत्साह

दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से रूट लाइन और मंदिर परिसर में व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. कांवरियों की लंबी कतार के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्ति देखते ही बन रही है. कोई पैदल कांवर लेकर पहुंचा है तो कोई बाबा के जयकारे लगाते हुए अपनी थकान भूलकर कतार में आगे बढ़ रहे है.देवघर की धरती पर सोमवार की सुबह का नजारा पूरी तरह शिवमय हो चुका है। एक ओर लाखों कदम बाबा की ओर बढ़ रहे हैं, तो दूसरी ओर हर तरफ गूंज रहा है—‘बोल बम... हर-हर महादेव!’