बक्सर : बड़ी खबर बिहार के बक्सर से है जहां जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा-मोहनिया नेशनल हाईवे 319 A पर सोनपा गांव (महावीर स्थान) के पास गुरुवार की रात बारात में शामिल होने जा रही तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में 4 युवकों की मौत हो गई. घटना के बाद चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र स्थित भतौरा गांव के पांच युवक एक i20 कार में सवार होकर कैमूर जिले के रामगढ़ स्थित बिशनपुरा गांव बारात जा रहे थे. इसी दौरान सोनपा गांव से तीन युवक बाइक पर सवार होकर मुख्य सड़क पर निकल रहे थे. महावीर स्थान के पास अनियंत्रित कार और बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक के परखच्चे उड़ गए.
उत्तरप्रदेश के भतौरा निवासी तथा कार सवार लोगों के पड़ोसी धनंजय कुमार के अनुसार, मृतकों में कार सवार यूपी के गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव निवासी अरबाज खान, इरफान अंसारी और बादल कुमार ठाकुर शामिल हैं. वहीं, बाइक सवार मृतक की पहचान बिहार के सौरी निवासी शुभम के रूप में हुई है. घटना की
सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया. कार सवार घायल सम्राट कुमार का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि बाइक सवार शिवम समेत अन्य गंभीर घायलों को पटना (PMCH) रेफर किया गया है .
बक्सर से बबलू उपाध्याय की रिपोर्ट --
