Hindi News / कोल्हान आयुक्त ने कहा-सूचना तंत्र मजबूत कर अवैध अफीम की खेती को चिह्नित...

अवैध अफीम की खेती के रोकथाम को लेकर बैठक : कोल्हान आयुक्त ने कहा-सूचना तंत्र मजबूत कर अवैध अफीम की खेती को चिह्नित कर नियमसंगत कार्रवाई करें

Edited By:  |
awaidh afim ki kheti ke roktham ko lekar baithak awaidh afim ki kheti ke roktham ko lekar baithak

चाईबासा : अवैध अफीम की खेती के विनष्टीकरण एवं रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को डाकबंगला पथ प्रमंडल, खरसावां सभागार में कोल्हान प्रमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता प्रमंडलीय आयुक्त हरि कुमार केसरी ने की. बैठक में रांची जोनल आईजी अखिलेश झा,कोल्हान डीआईजी मनोज रतन चौथे, उपायुक्त सरायकेला-खरसावां रविशंकर शुक्ला, उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा कुलदीप चौधरी, पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां मुकेश कुमार लूणायत, पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा आशुतोष शेखर, वन प्रमण्डल पदाधिकारी सरायकेला-खरसावां एवं वन प्रमण्डल पदाधिकारी पोड़ाहाट सहित दोनों जिलों के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में सरायकेला-खरसावां एवं पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा जिले में अवैध अफीम की खेती को लेकर चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा कर मादक पदार्थो के खरीद बिक्री एवं परिचलन में संलिप्त लोगों पर नियम संगत कार्रवाई करने तथा किसानों को अवैध अफीम की खेती के बजाय अन्य वैकल्पिक खेती के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया.

*सरायकेला-खरसावां जिले मे214एकड़ अवैध अफीम की खेती को किया गया नष्ट और अब तक13प्राथमिक की दर्ज, 2गिरफ्तार

बैठक के दौरान सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध अफीम की खेती को लेकर की जा रही गतिविधियों के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला ने बताया कि विगत वर्ष की तुलना में50प्रतिशत कम खेती हुई है. उन्होंने बताया कि जिले में अब तक लगभग214एकड़ अवैध अफीम की खेती को स्थानीय प्रशासन के द्वारा विनिष्टिकरण किया गया है. उपायुक्त ने कहा कि अभियान के तहत अब तक13प्राथमिकी दर्ज कर दो लोगों को अरेस्ट भी किया गया है. जिले के विभिन्न क्षेत्र में अवैध अफीम खेती को चिह्नित किया गया है जिसके विनष्टीकरण हेतु अग्रतर कार्रवाई की जा रही है. उपायुक्त ने कहा कि अभियान के तहत अफीम खेती का विनिष्टीकरण के साथ साथ किसानों को अन्य वैकल्पिक खेती के लिए प्रेरित कर उन्हें बीज भी उपलब्ध कराया जा रहा है.

*चाईबासा में122एकड़ खेती का विनष्टीकरण किया है और अब तक11प्राथमिकी दर्ज की गई है

पश्चिमी सिंहभूम जिला चाईबासा के उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने बताया कि जिले में अवैध अफीम खेती के विनष्टीकरण अभियान के तहत जिले में (2024 -25में)122एकड़ खेती का विनष्टीकरण किया है. अभियान के तहत अब तक11प्राथमिकी दर्ज की गई है. उपायुक्त ने कहा कि विभिन्न विभागों के साथ समन्वय से कैलेंडर निर्धारित कर नशा मुक्ति तथा अवैध अफीम खेती के विनष्टीकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने हेतु विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है.

*प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन,सम्बन्धित गांव के ग्राम प्रधान एवं मानकी-मुंडा के साथ बैठक कर अवैध मादक पदार्थो के खेती,मादक पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य एवं परिवार,समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव की जानकारी दें: अखिलेश झा

बैठक के दौरान जोनल आईजी,रांची अखिलेश कुमार झा ने थानावार अवैध अफीम खेती विनिष्टीकरण के लिए किया जा रहे कार्य तथा आगामी योजनाओं की जानकारी लेकर दोनों जिले में अवैध अफीम खेती के विनष्टीकरण हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा सभी विभाग के पदाधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अवैध अफीम खेती की चिह्नितकरण के लिए आवश्यकता अनुसार ड्रोन का उपयोग करें तथा अफीम खेती के विनष्टिकरण के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल साथ ले जाएं. अखिलेश झा ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी एवं अंचलधिकारी स्थानीय ग्राम प्रधान एवं मानकी-मुंडा के साथ बैठक कर अवैध अफीम खेती के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई तथा अफीम,गांजा जैसे अवैध मादक पदार्थों के प्रयोग से स्वास्थ्य,समाज एवं परिवार पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव से अवगत कराकर किसानों को अन्य वैकल्पिक खेती के लिए जागरूक करने में सहयोग लें. उन्होंने कहा कि किसानों को अवैध खेती के लिए प्रेरित करने वाले लोगों को चिह्नित करें तथा उन पर कड़ी कार्रवाई करें.

चाईबासा से राजीव सिंह की रिपोर्ट-----