गोपालगंज:जिलेमें लगातार बारिश और तेज आंधी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. आंधी-बारिश के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल बड़े पैमाने पर जमीन पर गिर गई है. फसल गिरने से उत्पादन और दाने की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है. वहीं,खेतों में गिरी धान की कटाई में भी किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा.

गोपालगंज में मौसम की मार से किसानों की मेहनत पर संकट खड़ा हो गया है. तेज हवा और बारिश के कारण कई इलाकों में धान की खड़ी फसल खेतों में बिछ गई है. किसानों का कहना है कि फसल गिरने से दाने की गुणवत्ता के साथ उत्पादन पर भी असर पड़ सकता है.

किसान उस्मान के मुताबिक धान के अलावा मक्का, बाजरा समेत दूसरी फसलें भी आंधी-बारिश से प्रभावित हुई हैं. किसानों ने सरकार से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों का सर्वे कराने और नुकसान के आधार पर उचित मुआवजा देने की मांग की है.