एयर एम्बुलेंस हादसा : स्वास्थ्य मंत्री ने जताया दुख,कहा-मैं झारखंड में एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बनाना चाहता हूं
चतरा:एयर एंबुलेंस हादसे में 7 लोगों की मौत के बाद झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी चतरा के सदर अस्पताल पहुंचे. मंत्री इरफान अंसारी ने घटना पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि मौसम विभाग के तरफ से अलर्ट जारी किया गया था. ऐसे में इतनी बड़ी लापरवाही नहीं होनी चाहिए. मंत्री ने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि आखिरकार इतनी बड़ी लापरवाही किसके गलती से हुई है.स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि मैं झारखंड में एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बनाना चाहता हूं. लेकिन, लोग इसका विरोध कर रहे हैं. उन्होंने ये भी कहा कि एयर एम्बुलेंस दुर्घटना में मैं मृतक के परिजनो के साथ खड़ा हूं.
चतरा में हुए एयर एंबुलेंस हादसे को लेकर जिला प्रशासन और परिजनों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं.उपायुक्त कृतिश्री ने इस दुर्घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि प्रशासन पूरी गंभीरता से मामले की निगरानी कर रहा है.पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने भी घटना में 7 लोगों की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच के लिए एयरक्राफ्ट विशेषज्ञों की टीम चतरा पहुंच रही है,जो तकनीकी पहलुओं की गहन जांच करेगी.
इधर,मृतक डॉ.विकास भगत के पिता बजरंगी प्रसाद गुप्ता ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पूरी संपत्ति बेचकर बेटे को पढ़ाया-लिखाया था. एयर एंबुलेंस से ले जाने के दौरान हुई इस दुर्घटना में उनके बेटे सहित 7 लोगों की जान चली गई. उन्होंने सरकार से उनके बेटे की पत्नी के गुजर-बसर के लिए नौकरी की मांग की है.





