पटना : बिहार में बड़े पैमाने पर शिक्षकों की बहाली होनी है लेकिन बहाली प्रक्रिया में देरी होने को लेकर अब इस पर सियासत भी शुरू हो गई है। टीईटी और एसटीईटी अभ्यर्थी लगातार सड़क पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं तो वहीँ बीजेपी ने उनको नैतिक समर्थन देते हुए सदन से सड़क तक की लड़ाई लड़ने का फैसला लिया है। बीजेपी के इस फैसले के बाद बिहार की सियासत और गर्म हो गई है।
पिछले दिनों शिक्षा मंत्री प्रोफ़ेसर चन्द्रशेखर ने ट्वीट कर जल्द ही शिक्षकों के बहाली होने का रास्ता साफ होने का हवाला दिया था लेकिन अभी तक की बहाली शुरू नहीं हुई है जिसे लेकर सियासत जारी है। बीजेपी ने वर्तमान की महागठबंधन की सरकार पर शिक्षक की बहाली को लेकर जबरदस्त हमला बोला है। बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता नवल किशोर यादव ने बिहार की सरकार पर शिक्षा का बंटाधार करने और शिक्षकों की बहाली नहीं होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बिहार में बड़े पैमाने पर बहाली होनी है लेकिन सरकार जानबूझकर देरी कर रही है। बीजेपी ने इस मुद्दे को बनाया है और सड़क से सड़क तक लड़ाई लड़ने का फैसला किया है।
वहीं बीजेपी के शिक्षक बहाली के मुद्दे को आगे करने और सरकार को सड़क से सदन तक घेरने की रणनीति को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी को भी आईना दिखा दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधान पार्षद डॉक्टर समीर कुमार सिंह ने बीजेपी पर रोजगार को लेकर ढुलमुल रवैया अपनाने का ही आरोप लगा दिया है। सांथ ही उन्होंने कहा बिहार के सरकार सही समय पर सही फैसला लेती है लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने युवाओं को ठगने का काम किया है और युवाओं से किए हुए वादे को भी केंद्र की सरकार पूरा नहीं करती है। आने वाले 2024 के चुनाव में केंद्र की सरकार को युवा जवाब देने का काम करेंगे।
शिक्षकों की बहाली को लेकर बीजेपी के कड़े रुख को लेकर आरजेडी ने भी जल्द ही बहाली की प्रक्रिया होने का हवाला दिया है। आरजेडी के नेता और विधान पार्षद प्रोफ़ेसर रामबली चंद्रवंशी ने कहा कि बिहार की सरकार लगातार शिक्षा को लेकर बेहतर काम कर रही है। वहीं शिक्षक की बहाली भी सरकार की पहली प्राथमिकता है सरकार सही समय पर सही फैसला लेती है. बीजेपी को घबराने की जरूरत नहीं है बल्कि बीजेपी जनता से किए हुए वादे को पूरा करें सब जनता का समर्थन उसको मिलेगा।
