Live

BIHAR BREAKING

विदेश जाने वाले बिहार के लोगों को बड़ी राहत, अब पटना में ही होगा दस्तावेजों का अपोस्टिल और अटेस्टेशन

D
Deepak Kumarलेखक

पटना: विदेश जाने की तैयारी कर रहे बिहार के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब विदेश में इस्तेमाल होने वाले भारतीय दस्तावेजों के अपोस्टिल और अटेस्टेशन के लिए दूसरे राज्यों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ), पटना में अपोस्टिल और अटेस्टेशन की सुविधा शुरू कर दी गई है। इससे उच्च शिक्षा, नौकरी, कारोबार, प्रवास और अन्य व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक उद्देश्यों से विदेश जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

विदेश में भारतीय दस्तावेजों की वैधता और प्रामाणिकता सुनिश्चित करने के लिए अपोस्टिल अथवा अटेस्टेशन की जरूरत पड़ती है। हेग कन्वेंशन, 1961 के सदस्य देशों में दस्तावेजों के इस्तेमाल के लिए अपोस्टिल जारी किया जाता है, जबकि कन्वेंशन के सदस्य नहीं होने वाले देशों के लिए सामान्य अटेस्टेशन की प्रक्रिया अपनाई जाती है।

इस सुविधा के तहत शैक्षणिक और व्यक्तिगत दोनों प्रकार के दस्तावेजों का प्रमाणीकरण कराया जा सकेगा। शैक्षणिक दस्तावेजों में डिग्री, डिप्लोमा और स्कूल प्रमाणपत्र शामिल हैं। वहीं, जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाणपत्र, शपथपत्र तथा पावर ऑफ अटॉर्नी जैसे व्यक्तिगत दस्तावेज भी इसके दायरे में आएंगे।

हालांकि, दस्तावेज जमा करने से पहले आवेदकों को जहां आवश्यक हो, संबंधित राज्य सरकार के नामित प्राधिकारियों से पूर्व सत्यापन कराना होगा। इसके बाद अधिकृत सेवा प्रदाता के माध्यम से अपोस्टिल या अटेस्टेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पटना में यह सुविधा शुरू होने से बिहार के लोगों को दस्तावेज प्रमाणीकरण के लिए राज्य से बाहर जाने की मजबूरी नहीं रहेगी। विदेश मंत्रालय ने प्रक्रिया और दिशा-निर्देशों की जानकारी के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जाने की सलाह दी है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें