Live

BIHAR BREAKING

त्योहारी बसों में 7 दिन में 25 हजार से अधिक लोगों ने किया सफर, 84% सीटें रहीं फुल

D
Deepak Kumarलेखक

बीएसआरटीसी की 155 बसों ने लगाए 604 अंतरराज्यीय फेरे, 20 नवंबर तक जारी रहेगा परिचालन; टिकट पर सरकार दे रही अनुदान
पटना:
दीपावली और छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों के लिए बिहार सरकार की ओर से शुरू की गई विशेष अंतरराज्यीय त्योहारी बस सेवा को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। महज सात दिनों में 25 हजार से अधिक यात्रियों ने इन बसों के माध्यम से सफर किया है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के आंकड़ों के अनुसार, 5 से 11 नवंबर के बीच 155 बसों ने कुल 604 फेरे लगाए। इस दौरान बसों की औसतन 84 प्रतिशत सीटें यात्रियों से भरी रहीं। इससे साफ है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की सरकार की पहल काफी उपयोगी साबित हो रही है।

निगम के अनुसार, इन विशेष बसों से आने और जाने, दोनों तरफ के यात्रियों को मिलाकर 25 हजार से अधिक लोगों ने यात्रा की। सबसे अधिक यात्रियों की संख्या मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णिया प्रमंडल से संचालित बसों में दर्ज की गई। ट्रेनों में त्योहार के दौरान होने वाली भारी भीड़ के बीच इन बसों ने यात्रियों को एक अतिरिक्त और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध कराया है।

पांच राज्यों के लिए चल रही हैं विशेष बसें
राज्य सरकार की पहल पर बिहार के पांच प्रमुख प्रमंडलों से पांच राज्यों के लिए विशेष अंतरराज्यीय बसों का परिचालन किया जा रहा है। इनमें मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, पटना और गयाजी प्रमंडल शामिल हैं। इन प्रमंडलों से दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के विभिन्न गंतव्यों के लिए बसें चलाई जा रही हैं। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान दूसरे राज्यों में रहने वाले बिहार के लोगों को घर आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना है।

आरामदायक सफर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता- परिवहन मंत्री
परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए विशेष अंतरराज्यीय बसों का परिचालन शुरू किया गया है। इस व्यवस्था से रोजाना हजारों यात्री अपने गंतव्य तक आरामदायक तरीके से पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यात्रियों को सफर के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों और डिपो पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। बसों में साफ-सफाई, चालक और परिचालक की उपलब्धता तथा निर्धारित समय पर प्रस्थान सुनिश्चित करने को कहा गया है।

20 नवंबर तक जारी रहेगा बसों का परिचालन
परिवहन मंत्री ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष त्योहारी बसों का परिचालन आगामी 20 नवंबर तक जारी रहेगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को किफायती और आरामदायक यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी बताया कि इन बसों के टिकट पर राज्य सरकार की ओर से अनुदान दिया जा रहा है, जिससे यात्रियों को कम खर्च में यात्रा करने का अवसर मिल रहा है।

ऑनलाइन बुक कर सकते हैं टिकट
त्योहारी बसों में यात्रा करने के इच्छुक यात्री बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं। इसके लिए निगम की वेबसाइट bsrtc.bihar.gov.in पर टिकट उपलब्ध हैं। सात दिनों में 25 हजार से अधिक यात्रियों का सफर और 84 प्रतिशत सीटों का भरा रहना इस विशेष बस सेवा की लोकप्रियता को दर्शाता है। अब 20 नवंबर तक परिचालन जारी रहने से त्योहारों के दौरान यात्रियों को आवागमन में और सुविधा मिलने की उम्मीद है।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें