BREAKING NEWS
टेंडर जारी होने के एक साल के भीतर शुरू करना होगा काम, मुख्य सचिव करेंगे समीक्षा, विभागों की जवाबदेही होगी तय
पटना: बिहार में सरकारी विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में होने वाली देरी को लेकर राज्य सरकार गंभीर नजर आ रही है। अब निविदा (टेंडर) प्रकाशित होने के बाद एक साल के भीतर संबंधित कार्य शुरू कराने के मुद्दे पर उच्चस्तरीय समीक्षा की जाएगी। इस संबंध में बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव को पत्र जारी किया गया है।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 4 दिसंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे मुख्य सचिवालय स्थित सभा कक्ष में बैठक बुलाई गई है। बैठक के एजेंडे में विशेष रूप से इस बात पर विचार किया जाएगा कि निविदा प्रकाशित होने के एक साल के अंदर संबंधित कार्य प्रारंभ कराया जाए। मुख्य सचिव के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार लाल की ओर से जारी पत्र में सभी विभागों के अधिकारियों से बैठक में समय पर भाग लेने का अनुरोध किया गया है।
इस खबर के मायने
सरकार की इस पहल का सबसे बड़ा मकसद सरकारी योजनाओं को फाइलों और टेंडर की प्रक्रिया में लंबे समय तक अटकने से बचाना है। अक्सर सड़क, पुल, भवन, अस्पताल और अन्य विकास कार्यों के लिए निविदा तो जारी कर दी जाती है, लेकिन तकनीकी स्वीकृति, प्रशासनिक प्रक्रिया, एजेंसी चयन और दूसरी औपचारिकताओं के कारण काम शुरू होने में काफी समय लग जाता है।
अब सरकार निविदा जारी होने और वास्तविक काम शुरू होने के बीच की अवधि को लेकर गंभीरता से विचार करना चाहती है। एक साल की समयसीमा पर चर्चा से विभागों पर परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का दबाव बढ़ सकता है।
इसका सीधा संबंध सरकारी खर्च और विकास योजनाओं की गति से है। यदि टेंडर के बाद समय पर काम शुरू होता है तो योजनाओं का लाभ आम लोगों तक जल्दी पहुंच सकेगा। साथ ही निर्माण कार्यों की लागत बढ़ने और परियोजनाओं के अनावश्यक रूप से लंबित रहने की समस्या पर भी नियंत्रण लगाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, पत्र में एक साल के भीतर काम शुरू करने के प्रस्ताव पर विचार करने की बात कही गई है। इसे अभी अंतिम रूप से लागू आदेश नहीं माना जा सकता।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।