Live

BIHAR BREAKING

टेंडर घोटाले में 6 IAS अधिकारी ED की रडार पर, योगेश कुमार सागर से पूछताछ; रिशुश्री के खर्च पर विदेश यात्रा का आरोप

D
Deepak Kumarलेखक

पटना: बिहार के चर्चित टेंडर घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच तेज हो गई है। ठेकेदार रिशुश्री से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बिहार के करीब छह आईएएस अधिकारी जांच एजेंसी के रडार पर हैं। इसी सिलसिले में बुधवार को2017बैच के आईएएस अधिकारी योगेश कुमार सागर ईडी के पटना स्थित कार्यालय पहुंचे। एजेंसी ने उन्हें नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया था।

रिशुश्री के खर्च पर परिवार के साथ ऑस्ट्रिया घूमने का आरोप

योगेश कुमार सागर पर आरोप है कि उन्होंने अपने परिवार के आठ सदस्यों के साथ ठेकेदार रिशुश्री की कंपनी के खर्च पर ऑस्ट्रिया की यात्रा की थी। ईडी इस यात्रा के खर्च और टेंडर आवंटन से जुड़े कथित लेनदेन की जांच कर रही है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

छहIASअधिकारियों से पूछताछ,कई नाम जांच के दायरे में

इस मामले में इससे पहले भी कई अधिकारियों से पूछताछ की जा चुकी है। इनमें आईएएस अभिलाषा कुमारी शर्मा, सुनील कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार और संतोष कुमार मल्ल के नाम शामिल हैं। खबरों के मुताबिक, ईडी आईएएस अधिकारी आनंद किशोर को भी पूछताछ के लिए नोटिस जारी कर सकती है।

कई सरकारी विभागों के टेंडर जांच के घेरे में

जांच के दायरे में रिशुश्री की कंपनी के बिहार सरकार के विभिन्न विभागों में मिले ठेके भी हैं। इनमें जल संसाधन, स्वास्थ्य, शिक्षा, शहरी विकास, भवन निर्माण, ग्रामीण कार्य और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग शामिल हैं। आरोप है कि सरकारी ठेके हासिल करने के लिए अधिकारियों के साथ सांठगांठ की गई और बदले में अधिकारियों तथा उनके परिजनों के विदेश दौरे एवं अन्य खर्च उठाए गए।

ईडी की शुरुआती जांच में रिशुश्री के मोबाइल फोन से कई अधिकारियों और उनके करीबियों के साथ व्हाट्सऐप चैट, वित्तीय लेनदेन के विवरण और ठेकों से संबंधित गोपनीय दस्तावेज मिलने की बात सामने आई थी।गौरतलब है कि विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने27 मई को रिशुश्री को गिरफ्तार किया था। अब ईडी अधिकारियों और ठेकेदार के बीच कथित वित्तीय संबंधों की कड़ियां खंगाल रही है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें