Live

BIHAR POLITICS

तेजस्वी यादव का सम्राट सरकार पर तीखा हमला, बिहार में वित्तीय अराजकता, अपराध, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक बदहाली को बताया गंभीर संकट

D
Deepak Kumarलेखक

तेजस्वी यादव का सम्राट सरकार पर हमला, बोले- बिहार में वित्तीय अराजकता और अपराध का बोलबाला

पटनाः बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की एनडीए सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कार्यशैली पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बिहार की मौजूदा स्थिति को वित्तीय अराजकता, प्रशासनिक कुव्यवस्था, बदइंतजामी, अनुशासनहीनता और राजशून्यता का पर्याय बताया है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि राज्य में कुशासन, बदहाल विधि-व्यवस्था और भ्रष्टाचार गंभीर संरचनात्मक समस्या बन चुके हैं, जिसका असर सरकार से लेकर समाज के हर स्तर पर दिखाई दे रहा है।

पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए

नेता प्रतिपक्ष ने अपने बयान में आरोप लगाया कि बिहार में हर स्तर पर माफिया का राज कायम है। उन्होंने कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि अपराध की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं और पुलिस व्यवस्था अपनी खामियों को छिपाने में लगी है। उन्होंने निर्दोष नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी सरकार को घेरा।

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री राज्य में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्तियों और प्रशासनिक अव्यवस्था को नियंत्रित करने में सक्षम साबित नहीं हो रहे हैं। उनके मुताबिक, बिहार में गवर्नेंस नाम की कोई व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की कार्यशैली और प्रशासनिक अनुभव की कमी के कारण अधिकारी सरकार के निर्देशों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। जनसमस्याओं का समाधान, जनसरोकार और आम लोगों का जीवन बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता में नहीं दिख रहा है।

तेजस्वी यादव के इस बयान से बिहार की राजनीति में सियासी टकराव और तेज होने के आसार हैं। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार की कार्यशैली, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें