Live

BIHAR POLITICS

तेजस्वी यादव का NDA पर बड़ा हमला, बोले- सत्ता के संरक्षण में जनता की जमीन कब्जा रहे विधायक

D
Deepak Kumarलेखक

तेजस्वी यादव का NDA पर बड़ा हमला, बोले— बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर, सत्ता के संरक्षण में जनता की जमीन कब्जा रहे विधायक
पटना:
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए राज्य में अपराध, भ्रष्टाचार, रंगदारी और जमीन कब्जाने के मामलों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है और सत्ता के संरक्षण में एनडीए के विधायक एवं मंत्री मनमानी कर रहे हैं।

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर पर दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड में सरकारी जमीन, सार्वजनिक सड़क, सामूहिक श्राद्धस्थल और निजी भूखंडों पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया। उन्होंने इस मामले को लेकर सरकार और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।

तेजस्वी ने दरभंगा में पश्चिम बंगाल के एक सर्राफा कारोबारी के ड्राइवर को गोली मारकर करीब 62 किलोग्राम चांदी और नकदी लूटे जाने की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने इस मामले में कथित तौर पर भाजपा से जुड़े आरोपी का उल्लेख करते हुए सरकार पर निशाना साधा।

इसके अलावा उन्होंने बिहार में 44 हजार जिंदा कारतूस बरामद होने, बेलसंड के एनडीए विधायक पर जमीन कब्जाने और रंगदारी के आरोपों तथा डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या में एलजेपीआर विधायक का नाम आने का दावा किया। भागलपुर में जमीन विवाद के दौरान फायरिंग और बिहार सरकार के एक मंत्री पर लगे कथित आरोपों को भी उन्होंने उठाया।

तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किया कि एनडीए के जनप्रतिनिधियों पर लग रहे इन आरोपों पर उनकी क्या प्रतिक्रिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है और भ्रष्टाचार तथा अपराध सभी सीमाएं पार कर चुके हैं।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें