Live

BREAKING NEWS

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पटना के दो शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में शुरू की विस्तारित ओपीडी सेवा, अब रात 8 बजे तक होगा इलाज

D
Deepak Kumarलेखक

पटनाः बिहार में शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में पहल की गई है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने आज पटना के शास्त्री नगर और दरियापुर भट्ठी स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में विस्तारित ओपीडी सेवा का शुभारंभ किया। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद अब दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक मरीजों का इलाज किया जाएगा।

इस पहल से खासकर नौकरीपेशा, कामकाजी और दिन में व्यस्त रहने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब उन्हें अपनी सुविधा के अनुसार शाम के समय भी डॉक्टरों से परामर्श लेने का अवसर मिलेगा। सरकार का उद्देश्य है कि आम लोगों को छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए बड़े अस्पतालों तक जाने की मजबूरी कम हो और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।

छह तरह की विशेषज्ञ सेवाएं मिलेंगी
दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर जनरल मेडिसिन, स्त्री रोग, शिशु रोग, नेत्र रोग, त्वचा रोग और कान, नाक एवं गला यानी ईएनटी रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा मरीजों को निःशुल्क पैथोलॉजी जांच, ईसीजी और नेत्र जांच की सुविधा भी मिलेगी।

स्वास्थ्य केंद्रों पर जरूरी दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराने के साथ टेली-कंसल्टेशन की व्यवस्था भी की गई है। इससे मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

मोहल्ले में ही बेहतर इलाज का लक्ष्य
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं केवल बड़े अस्पतालों तक सीमित नहीं रहें, बल्कि लोगों के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचें। आम नागरिकों को अपने मोहल्ले में ही चिकित्सकीय परामर्श, जरूरी जांच और दवाइयां उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

विस्तारित ओपीडी सेवा से शहरी स्वास्थ्य केंद्रों की उपयोगिता बढ़ेगी और कामकाजी लोगों को इलाज के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा। फिलहाल यह सुविधा पटना के इन दो केंद्रों पर शुरू की गई है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें