BIHAR NEWS
सोनपुर मेले में पहुंचा 2 करोड़ का भैंसा 'शेरा', रोज पीता है 5 लीटर दूध; काजू-किशमिश है शाही खानपान
सोनपुर: विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में इन दिनों एक खास मेहमान लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसका नाम है 'शेरा'। करीब 10 क्विंटल वजन और शानदार कद-काठी वाला मुर्रा नस्ल का यह भैंसा अपनी दो करोड़ रुपये की कीमत को लेकर चर्चा में है। शेरा को देखने के लिए मेले में पशुप्रेमियों और दर्शकों की भीड़ जुट रही है। इसकी कीमत के साथ-साथ इसके शाही खानपान की भी खूब चर्चा हो रही है।
दो करोड़ रुपये है शेरा की कीमत
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चौरी चौरा निवासी पशुपालक रवि यादव अपने चार वर्षीय मुर्रा नस्ल के भैंसे शेरा को लेकर पहली बार सोनपुर मेले पहुंचे हैं। उन्होंने शेरा की कीमत दो करोड़ रुपये रखी है। पशुपालक के मुताबिक, शेरा की नस्ल, शानदार बनावट और विशेष देखभाल के कारण उन्होंने इसकी इतनी ऊंची कीमत तय की है।
दूध, काजू और किशमिश है शेरा का खानपान
शेरा का खानपान भी किसी राजा-महाराजा से कम नहीं है। पशुपालक के अनुसार, उसे प्रतिदिन करीब पांच किलो दूध के साथ हरा चारा, दाना, केला, काजू और किशमिश खिलाया जाता है। उसे स्वस्थ और ताकतवर बनाए रखने के लिए खानपान से लेकर साफ-सफाई तक का विशेष ध्यान रखा जाता है। मौसम के अनुसार उसकी देखभाल और ग्रूमिंग भी कराई जाती है, ताकि उसकी सेहत और आकर्षक कद-काठी बरकरार रहे।
हरियाणा से मां के साथ लाए थे शेरा
पशुपालक रवि यादव ने बताया कि वह शेरा को हरियाणा से उसकी मां के साथ लेकर आए थे। पहली बार उसे सोनपुर मेले में प्रदर्शित करने के लिए लाया गया है। उन्हें उम्मीद है कि मेले में कोई अच्छा खरीदार मिल जाएगा और शेरा की बिक्री हो सकेगी। उन्होंने बताया कि अगर इस बार शेरा का सौदा नहीं हुआ तो अगले साल भी उसे सोनपुर मेले में लेकर आएंगे।
मेले में बना आकर्षण का केंद्र
दो करोड़ रुपये कीमत, करीब दस क्विंटल वजन और शाही खानपान वाला शेरा सोनपुर मेले में लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। पशुप्रेमी उसकी कद-काठी और रखरखाव को देखने के लिए पहुंच रहे हैं। फिलहाल सबकी नजर इस बात पर है कि क्या इस बार शेरा को दो करोड़ रुपये का खरीदार मिल पाएगा।
वैशाली से रिशभ कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।