Live

BREAKING NEWS

स्वच्छता में पटना नगर निगम की बड़ी उपलब्धि, मिला ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी’ पुरस्कार; राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

D
Deepak Kumarलेखक

पटना: स्वच्छता के क्षेत्र में पटना नगर निगम ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 पुरस्कार समारोह में पटना नगर निगम को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी कुमारी, विभागीय सचिव संदीप पुडकलकट्टी और नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने यह सम्मान प्राप्त किया।


सफाई कर्मियों को भी मिला सम्मान
इस उपलब्धि की खास बात यह रही कि पटना नगर निगम की टीम अपने दो सफाई कर्मियों अमरजीत मांझी और रॉकी पासवान को भी साथ लेकर पुरस्कार लेने पहुंची। निगम ने इस सम्मान को सफाई कर्मियों के समर्पण और मेहनत को समर्पित किया।

बेहतर कचरा प्रबंधन से मिली सफलता
पटना नगर निगम को यह उपलब्धि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, पुराने कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, जन शिकायतों के त्वरित समाधान और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में सुधार के साथ आम लोगों की भागीदारी के चलते मिली है।

महापौर सीता साहू ने इस सम्मान को पूरे पटना और शहरवासियों को समर्पित करते हुए सफाई कर्मियों एवं निगमकर्मियों को बधाई दी। वहीं, उप महापौर रेशमी कुमारी ने कहा कि स्वच्छ शहर बनाने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

आने वाले समय में और मजबूत होगी व्यवस्था
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने बताया कि पटना में वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट, लीगेसी वेस्ट का पूर्ण निस्तारण, इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम और नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी योजनाओं पर काम किया जाएगा। इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

लगातार तीन सर्वेक्षणों में बेहतर प्रदर्शन
पटना नगर निगम ने पिछले तीन स्वच्छ सर्वेक्षणों में लगातार अपनी स्थिति मजबूत की है।
2023: बिहार में प्रथम स्थान, वाटर प्लस सर्टिफिकेट और 1-स्टार गार्बेज फ्री सिटी रेटिंग।
2024: 3-स्टार गार्बेज फ्री सिटी रेटिंग और ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर’ पुरस्कार।
2025-26: ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी’ पुरस्कार।

लगातार मिल रही इन उपलब्धियों से पटना नगर निगम का उत्साह बढ़ा है। अब निगम की नजर आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में और बेहतर प्रदर्शन करने पर है।

पटना से अंकिता की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें