Live

BIG BREAKING

सरकारी दवाओं की कालाबाजारी पर बिहार में बड़ी कार्रवाई, 40 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी

D
Deepak Kumarलेखक

बिहार में सरकारी दवाओं की कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन, 40 ठिकानों पर छापेमारी, पटना में अवैध दवा फैक्ट्री पकड़ी गई

पटना: बिहार में सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को राज्य के 40 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस कार्रवाई से दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। छापेमारी के दौरान कई जिलों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। विभाग ने संबंधित दवा दुकानदारों से स्पष्टीकरण मांगते हुए लाइसेंस रद करने सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के आसपास संचालित दवा दुकानों में सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद औषधि नियंत्रण विभाग ने राज्यव्यापी जांच अभियान चलाया। पटना, सारण, रोहतास, पूर्णिया, बक्सर, सहरसा, नवादा, मुंगेर, गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, भोजपुर, कैमूर, दरभंगा, सुपौल, जमुई, भागलपुर और औरंगाबाद समेत कई जिलों में छापेमारी की गई।

पटना के जीएम रोड में 48 दवाओं की बिक्री पर रोक
पटना के जीएम रोड स्थित दवा मंडी की तीन दुकानों की जांच में अनियमितताएं सामने आईं। मेसर्स मां तारा एजेंसी, मेडिसिन हाउस और मां अपर्णा मेडिसिन में जांच के दौरान कुल 48 दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई गई। गुणवत्ता जांच के लिए तीन दवाओं के नमूने भी लिए गए। मेडिसिन हाउस में नारकोटिक श्रेणी की 16 दवाओं के खरीद-बिक्री से संबंधित बिल नहीं मिले।

लोहानीपुर में अवैध दवा निर्माण इकाई पकड़ी गई
लोहानीपुर स्थित भगवती सदन में मेसर्स एंडिसन्स फार्मिक्स नामक दवा निर्माण इकाई पर केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन और बिहार औषधि नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जांच में बिना वैध लाइसेंस दो प्रकार की दवाओं का निर्माण किए जाने का मामला सामने आया। टीम ने 18,140 रुपये मूल्य की दवाएं जब्त कर नमूने जांच के लिए भेजे हैं। संबंधित इकाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें