BREAKING NEWS
सक्षम उपभोक्ताओं से मुफ्त बिजली सब्सिडी छोड़ने की CM सम्राट की अपील, 1 दिसंबर से चलेगा विशेष अभियान
पटना:बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के साधन-संपन्न बिजली उपभोक्ताओं से 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का लाभ स्वेच्छा से छोड़ने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आर्थिक रूप से सक्षम हैं, उन्हें गरीब और जरूरतमंद परिवारों के हित में बिजली सब्सिडी का परित्याग करना चाहिए। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से एक दिसंबर से विशेष अभियान शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में बिहार के करीब एक करोड़ 92 लाख परिवारों को प्रत्येक महीने 125 यूनिट बिजली मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने विशेष रूप से आयकरदाताओं और संपन्न परिवारों से इस योजना का लाभ छोड़ने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि इससे सरकारी खजाने पर पड़ने वाला वित्तीय बोझ कम होगा और बची हुई राशि का उपयोग शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं को मजबूत करने में किया जा सकेगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री इससे पहले दो नवंबर को पाटलिपुत्र राष्ट्रीय युवा संसद के उद्घाटन समारोह में भी सक्षम लोगों से मुफ्त बिजली छोड़ने की अपील कर चुके हैं। उन्होंने बताया था कि बिजली सब्सिडी के कारण सरकार पर 23 हजार करोड़ रुपये से अधिक का वित्तीय दबाव है।
उल्लेखनीय है कि जुलाई 2025 में तत्कालीन राज्य सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की थी। यह व्यवस्था एक अगस्त 2025 से लागू हुई थी। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिजली सब्सिडी का खर्च बढ़कर 23,165 करोड़ रुपये पहुंच गया।
वहीं, मुख्यमंत्री ने बताया कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आएंगे। इस दौरान वैशाली के जाफरपट्टी में औद्योगिक गलियारे और इलेक्ट्रॉनिक सिटी से जुड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास तथा कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन महासेतु का उद्घाटन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे से बिहार के विकास और औद्योगिक निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।