BIHAR POLITICS
सदाकत आश्रम में पत्रकारों से बदसलूकी, कुर्सी विवाद में हंगामा; NSUI कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप
पटना कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में पत्रकारों से बदसलूकी और मारपीट का आरोप, कुर्सी विवाद में हंगामा, नाराज मीडियाकर्मियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का किया बहिष्कार
पटना: बिहार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में बुधवार को उस समय जमकर हंगामा हुआ, जब प्रेस कॉन्फ्रेंस कवर करने पहुंचे पत्रकारों और कैमरामैन के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की घटना सामने आई। इस मामले में NSUI के कुछ सदस्यों पर गाली-गलौज और मीडियाकर्मियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना से नाराज पत्रकारों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का बहिष्कार कर दिया और कार्यालय से बाहर निकल गए।
जानकारी के अनुसार, NSUI की ओर से सदाकत आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी। इसके लिए मीडियाकर्मियों को आमंत्रित किया गया था। पत्रकारों को जानकारी दी गई थी कि कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। इसी सूचना के आधार पर बड़ी संख्या में पत्रकार और कैमरामैन कार्यक्रम को कवर करने पहुंचे थे।
कुर्सी को लेकर शुरू हुआ विवाद
आरोप है कि कार्यालय पहुंचने के बाद बैठने के लिए कुर्सी को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। मीडियाकर्मियों का आरोप है कि NSUI के कुछ सदस्यों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। घटना के बाद सदाकत आश्रम परिसर में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
कन्हैया कुमार के कार्यक्रम को लेकर भी नाराजगी
मीडियाकर्मियों का कहना है कि उन्हें कन्हैया कुमार की प्रेस कॉन्फ्रेंस की जानकारी देकर बुलाया गया था, जबकि बुधवार को उनके पटना आने का कोई कार्यक्रम नहीं था। इसको लेकर भी पत्रकारों में नाराजगी देखी गई।
घटना से आक्रोशित पत्रकारों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का बहिष्कार करते हुए वॉकआउट कर दिया। सभी मीडियाकर्मी कांग्रेस कार्यालय से बाहर निकल गए। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर बिहार प्रदेश कांग्रेस और NSUI की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।