Live

BIHAR POLITICS

आर. के. सिन्हा के श्राद्ध कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, विनोद तावड़े ने भी दी श्रद्धांजलि

D
Deepak Kumarलेखक

संजय सरावगी बोले- आर. के. सिन्हा की संगठननिष्ठा और समाजसेवा की विरासत सदैव करती रहेगी प्रेरित,भाजपा नेताओं ने तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया नमन
पटना:
भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनसंघ एवं भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे पूर्व राज्यसभा सांसद आर. के. सिन्हा के श्राद्ध कार्यक्रम में गुरुवार, 12 नवंबर को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी शामिल हुए। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने आर. के. सिन्हा के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

संगठन और समाजसेवा के प्रति समर्पित रहा जीवन
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि आर. के. सिन्हा का पूरा जीवन समाजसेवा, संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्रहित के कार्यों को समर्पित रहा। उन्होंने जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आर. के. सिन्हा का योगदान केवल राजनीतिक और संगठनात्मक क्षेत्र तक सीमित नहीं था, बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता भी हमेशा उल्लेखनीय रही। उन्होंने अपने व्यक्तित्व और कार्यशैली से संगठन के कार्यकर्ताओं को समाज के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।

आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे आर. के. सिन्हा
संजय सरावगी ने कहा कि आर. के. सिन्हा का व्यक्तित्व, विचार और कार्यशैली सभी के लिए प्रेरणादायी हैं। समाज और संगठन के प्रति उनका समर्पण तथा उनके द्वारा स्थापित आदर्श सदैव लोगों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आर. के. सिन्हा के योगदान को भाजपा और समाज हमेशा याद रखेगा। उनके आदर्शों और मूल्यों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया नमन
श्राद्ध कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी आर. के. सिन्हा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सभी ने उनके सामाजिक योगदान, संगठनात्मक निष्ठा और सार्वजनिक जीवन में निभाई गई भूमिका को याद किया।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें