BIHAR POLITICS
रामगढ़ हादसे पर लालू-राबड़ी और तेजस्वी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख मुआवजा देने की मांग
पटना:झारखंड के रामगढ़ में रजरप्पा मंदिर दर्शन के लिए जा रहे बिहार के नालंदा जिले के 13 लोगों की भीषण सड़क दुर्घटना में हुई मौत पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शीर्ष नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने हादसे पर शोक जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
राजद की ओर से जारी बयान में कहा गया कि रजरप्पा मंदिर दर्शन के लिए जा रहे नालंदा जिले के 13 लोगों की सड़क हादसे में असामयिक मौत की खबर बेहद दुखद और मर्माहत करने वाली है। नेताओं ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने का धैर्य, साहस और शक्ति प्रदान करने की कामना की।
बिहार सरकार से 5-5 लाख रुपये मुआवजे की मांग
इस दर्दनाक हादसे के बाद राजद नेताओं ने बिहार सरकार से मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने की मांग की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए।
राजद के कई वरिष्ठ नेताओं ने जताई संवेदना
शोक व्यक्त करने वालों में सांसद डॉ. मीसा भारती, प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगदानंद सिंह और उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह और जयप्रकाश नारायण यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
इसके अलावा भोला यादव, मनोज कुमार झा, सुरेंद्र प्रसाद यादव, सुधाकर सिंह, संजय यादव, सुनील कुमार सिंह, आलोक कुमार मेहता, कुमार सर्वजीत, शिवचंद्र राम, इसराइल मंसूरी और रणविजय साहू सहित अन्य नेताओं ने भी शोक संवेदना व्यक्त की।
रामगढ़ हादसे में 13 लोगों की मौत से बिहार के नालंदा जिले में शोक का माहौल है। राजद नेताओं ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी एकजुटता जताते हुए राज्य सरकार से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
पटना से आशुतोष मिश्रा की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।