Live

BIHAR POLITICS

PM मोदी के कार्यक्रम को लेकर घर-घर पहुंचे नित्यानंद राय, अक्षत देकर लोगों को दिया आमंत्रण

D
Deepak Kumarलेखक

21नवंबर को वैशाली के राजापाकर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम,केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने शुरू किया जनसंपर्क अभियान;बिहार के विकास और विकसित भारत के संकल्प में सहभागी बनने की अपील

पटना/वैशाली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर बीजेपी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने घर-घर जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। वे अक्षत लेकर लोगों के घर पहुंचे और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस दौरान उन्होंने वैशाली सहित आसपास के जिलों के लोगों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कार्यक्रम वैशाली जिले के राजापाकर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित है। कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाने के लिए पार्टी के नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।

अक्षत देकर घर-घर पहुंचा रहे निमंत्रण

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने अक्षत के माध्यम से लोगों को आमंत्रित करने की परंपरा का महत्व बताते हुए कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में अक्षत केवल चावल का दाना नहीं, बल्कि श्रद्धा, सम्मान, शुभता और मंगलकामना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अक्षत देकर किसी को आमंत्रित करना केवल कार्यक्रम में बुलाना नहीं, बल्कि उसे सम्मानपूर्वक उस शुभ अवसर का सहभागी बनने का आग्रह करना है।

बिहार के विकास के लिए महत्वपूर्ण होगा प्रधानमंत्री का दौरा

नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वैशाली आगमन बिहार के लिए विशेष महत्व रखता है। उनके नेतृत्व में बिहार विकास, औद्योगिक प्रगति, आधारभूत संरचना, रोजगार और निवेश के नए अवसरों की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता बिहार को विकसित राज्यों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा करना है।

हर घर तक निमंत्रण पहुंचाने का लक्ष्य

नित्यानंद राय ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में जनता की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि वैशाली सहित आसपास के जिलों के प्रत्येक घर तक आमंत्रण पहुंचे और लोग पूरे उत्साह एवं आत्मीयता के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत करने पहुंचें।

उन्होंने कहा कि अक्षत लेकर घर-घर पहुंचना हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक आत्मीयता का प्रतीक है। यह निमंत्रण केवल एक कार्यक्रम में शामिल होने का नहीं, बल्कि बिहार के गौरव, विकास और विकसित भारत के संकल्प में सहभागी बनने का निमंत्रण है।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें