BREAKING NEWS
पटना विश्वविद्यालय में डिग्री के लिए इंटर्नशिप अनिवार्य, अब चार वर्षीय स्नातक के विद्यार्थियों को 120 घंटे का व्यावहारिक प्रशिक्षण लेना होगा
पटना: पटना विश्वविद्यालय में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों के लिए डिग्री हासिल करने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब केवल सेमेस्टर की परीक्षा पास करने से स्नातक की पढ़ाई पूरी नहीं होगी, बल्कि विद्यार्थियों को अपने विषय से संबंधित कार्यक्षेत्र में इंटर्नशिप करना भी अनिवार्य होगा। नई शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत यह व्यवस्था लागू की गई है। वर्ष 2027 में पास आउट होने वाले पहले बैच के विद्यार्थियों पर इसका प्रभाव पड़ेगा।
राज्यपाल सचिवालय की ओर से जून 2026 में जारी कॉमन गाइडलाइन के अनुसार, सभी संकायों के विद्यार्थियों को चार से छह सप्ताह की इंटर्नशिप करनी होगी। इसके लिए कुल 120 घंटे निर्धारित किए गए हैं। इसमें 90 घंटे संबंधित संस्थान में काम करना होगा, जबकि 30 घंटे प्रोजेक्ट रिपोर्ट और मूल्यांकन के लिए निर्धारित हैं। इस इंटर्नशिप के चार क्रेडिट मिलेंगे।
चौथे सेमेस्टर के बाद प्रशिक्षण
आमतौर पर विद्यार्थियों को चौथे सेमेस्टर की परीक्षा के बाद इंटर्नशिप करनी होगी। इसके क्रेडिट पांचवें सेमेस्टर में जोड़े जाएंगे। यदि कोई विद्यार्थी निर्धारित समय पर इंटर्नशिप पूरी नहीं कर पाता है तो कॉलेज की अनुमति से छठे सेमेस्टर से पहले इसे पूरा करना होगा।
सरकारी संस्थानों में मिलेंगे अवसर
पटना विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को पटना मेट्रो, बिजली निगम, एनआईटी पटना, डॉल्फिन रिसर्च सेंटर और कॉम्फेड जैसे संस्थानों में प्रशिक्षण के अवसर दिए जा रहे हैं। मनोविज्ञान के विद्यार्थियों के लिए नशा मुक्ति केंद्रों में भी प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा रही है।
प्रोजेक्ट रिपोर्ट से होगा मूल्यांकन
इंटर्नशिप के मूल्यांकन में प्रोजेक्ट रिपोर्ट को 70 प्रतिशत और प्रेजेंटेशन या वाइवा को 30 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। दोनों हिस्सों में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक लाना जरूरी होगा। विश्वविद्यालय की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव देना और उन्हें रोजगार के लिए जरूरी कौशल से जोड़ना है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।