BREAKING NEWS
पटना नगर निगम के 200 करोड़ के म्यूनिसिपल बॉन्ड की NSE में ऐतिहासिक लिस्टिंग, बिहार के शहरी विकास को मिली नई वित्तीय ताकत
पटना: बिहार के शहरी विकास के इतिहास में मंगलवार, 10 नवंबर को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई। पटना नगर निगम द्वारा जारी 200 करोड़ रुपये के म्यूनिसिपल बॉन्ड की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में लिस्टिंग की गई। पटना के ताज सिटी सेंटर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति में यह लिस्टिंग संपन्न हुई। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे।
समारोह में बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू और उप महापौर रेशमी कुमारी ने भी हिस्सा लिया।
गौरतलब है कि पटना नगर निगम ने अपने पहले म्यूनिसिपल बॉन्ड के माध्यम से करीब 200 करोड़ रुपये की राशि जुटाई थी। इस बॉन्ड को निवेशकों का शानदार समर्थन मिला था। आधार निर्गम आकार के मुकाबले दोगुने से अधिक की मांग प्राप्त हुई थी। अब NSE में इसकी लिस्टिंग होने से बॉन्ड की पारदर्शिता और निवेशकों के लिए कारोबार की सुविधा बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही, इससे निवेशकों का भरोसा भी मजबूत होगा।
इस उपलब्धि को बिहार के अन्य नगर निकायों के लिए भी एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है। अब शहरी निकाय पारंपरिक वित्तीय संसाधनों के अलावा पूंजी बाजार के माध्यम से भी विकास योजनाओं के लिए धन जुटाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरी आधारभूत संरचना को मजबूत करने और नगर निकायों को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दे रही है। सरकार का लक्ष्य शहरों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार करना है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।