BREAKING NEWS
पटना में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, पांच या अधिक चालान बकाया रखने वाले 493 वाहन चालकों का लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा
पटना में 493 वाहन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस हो सकता है रद्द, पांच चालान बकाया रखने वालों पर कार्रवाई
पटना: राजधानी पटना में यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने और चालान का जुर्माना जमा नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अक्टूबर महीने की समीक्षा में पांच या उससे अधिक चालान लंबित रखने वाले 493 वाहन चालकों को चिह्नित किया गया है। इनके ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) को प्रस्ताव भेजा गया है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, शहर में हर महीने लंबित ई-चालानों की समीक्षा की जाती है। इस दौरान ऐसे वाहन चालकों की पहचान की जाती है, जिनके खिलाफ बार-बार यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान जारी किए गए, लेकिन उन्होंने निर्धारित जुर्माने की राशि जमा नहीं की। अक्टूबर की समीक्षा में ऐसे 493 वाहन चालक सामने आए हैं।
बार-बार नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
पुलिस का मानना है कि चालान कटने के बावजूद जुर्माना नहीं भरने की प्रवृत्ति यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती बन रही है। कई वाहन चालकों के नाम पर पांच या उससे अधिक चालान लंबित पाए गए हैं। ऐसे मामलों में अब लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा की गई है।
अब डीटीओ के स्तर पर होगी कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर अब जिला परिवहन पदाधिकारी के स्तर से समीक्षा की जाएगी। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी। इस कदम का उद्देश्य बकाया जुर्माने की वसूली के साथ-साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना है। पुलिस की इस पहल से नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों में सख्ती का संदेश गया है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।