BIHAR NEWS
पटना में मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पीएम के परिवार पर दिए गए बयान की संजय सरावगी ने की निंदा
खरगे की टिप्पणी कांग्रेस की हताशा और संस्कारहीन राजनीतिक संस्कृति का परिचायक-संजय सरावगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार पर मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण-संजय सरावगी
गांधी परिवार की स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, PMका अपमान करना कांग्रेस की पुरानी आदत-संजय सरावगी
कांग्रेस की वोट चोरी के आरोप बेबुनियाद,बिहार में राजद ने चुराया कांग्रेस का वोट-संजय सरावगी
पटनाः बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पटना में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार को लेकर की गई टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और उनके परिवार के बारे में इस तरह की टिप्पणी कांग्रेस की राजनीतिक सोच और उसकी हताशा को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करना सभी नेताओं की जिम्मेदारी है। कांग्रेस अध्यक्ष का बयान पार्टी की हताशा और संस्कारहीन राजनीतिक संस्कृति का परिचायक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल देश की जनता के जनादेश का अपमान है। कांग्रेस को समझना चाहिए कि प्रधानमंत्री पद की अपनी गरिमा होती है।
गांधी परिवार की लिखी स्क्रिप्ट पढ़ते हैं कांग्रेस अध्यक्ष
संजय सरावगी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे के एक-एक शब्द राहुल गांधी,सोनिया गांधी और पूरे गांधी परिवार की लिखी हुई स्क्रिप्ट का हिस्सा हैं। गांधी परिवार लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,उनके माता-पिता और परिवार को अपमानित करने का काम करता रहा है। आज मल्लिकार्जुन खरगे भी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। राहुल गांधी के साथ पार्टी चलाने का परिणाम है कि कांग्रेस अध्यक्ष भी गांधी परिवार की भाषा बोलने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लगातार प्रधानमंत्री का अपमान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 140 करोड़ लोगों की लोकतांत्रिक ताकत और जनादेश का प्रतिनिधित्व करते हैं। गाली-गलौज से न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कद छोटा होगा और न ही जनता का उनके प्रति समर्थन कम होगा। कांग्रेस जितना राजनीतिक स्तर गिराएगी,जनता उसे उतना ही जवाब देगी।
कांग्रेस को आत्ममंथन की जरूरत
प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद,आधारहीन और निरर्थक बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने राजनीतिक पतन के कारणों की समीक्षा करनी चाहिए। बिहार में राष्ट्रीय जनता दल,पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के राजनीतिक आधार को नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी विफलताओं का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने के बजाय आत्ममंथन करे। देश की जनता ने बार-बार कांग्रेस को नकारा है और अब जनता के बीच उसकी विश्वसनीयता लगातार कमजोर हुई है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।