Live

BIHAR CRIME

पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मां जानकी स्टोर से 30 हजार रुपये का पैकेटबंद पानी जब्त

D
Deepak Kumarलेखक

पानी की बोतलों पर लाइसेंस और बैच नंबर में मिली गड़बड़ी, बिक्री पर लगाई रोक; दो प्रतिष्ठानों से जांच के लिए लिए गए चार नमूने

पटना: आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने शनिवार को पटना में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान मिठापुर स्थित मां जानकी स्टोर से करीब 30 हजार रुपये मूल्य का पैकेटबंद पेयजल जब्त किया गया। साथ ही जब्त पानी की बिक्री पर रोक लगा दी गई। खाद्य सुरक्षा टीम ने दो प्रतिष्ठानों से कुल चार नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए।

मां जानकी स्टोर में पैकेटबंद पानी के लेबल में मिली गड़बड़ी

खाद्य संरक्षा इकाई की टीम ने न्यू बंगाली टोला, मिठापुर स्थित मां जानकी स्टोर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक लीटर की पैकेटबंद पेयजल बोतलों पर FSSAI लाइसेंस नंबर और बैच नंबर अंकित नहीं पाया गया।

वहीं, 500 मिलीलीटर की बोतलों पर दर्ज लाइसेंस विवरण की जांच में एक उत्पाद का लाइसेंस निलंबित मिला, जबकि दूसरे उत्पाद पर अंकित लाइसेंस नंबर का रिकॉर्ड FSSAI पोर्टल पर उपलब्ध नहीं था।

इसके बाद टीम ने तीनों प्रकार के पैकेटबंद पेयजल का स्टॉक जब्त कर लिया और उनकी बिक्री पर रोक लगा दी। जांच के लिए तीनों प्रकार के पानी के एक-एक नमूने भी लिए गए। प्रतिष्ठान संचालक से मिली खामियों को लेकर तीन दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।

मां इंटरप्राइजेज को भी दिया गया निर्देश

खाद्य सुरक्षा टीम ने पुरंदरपुर स्थित मां इंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया। यहां जांच के दौरान बिल पर FSSAI लाइसेंस नंबर अंकित नहीं पाया गया। इस पर खाद्य संरक्षा इकाई ने प्रतिष्ठान संचालक को बिल पर लाइसेंस नंबर मुद्रित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा यहां से 'इंडिपेंडेंस वाटर' के पैकेटबंद पेयजल का एक नमूना जांच के लिए लिया गया।

उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर अभियान

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण और खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों और लाइसेंस संबंधी नियमों का पालन करने पर जोर दिया है। इस अभियान के जरिए उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें