Live

BIHAR CRIME

पटना में ब्राउन शुगर और अवैध हथियार के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 100 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

D
Deepak Kumarलेखक

पटना: बिहार की राजधानी पटना में नशे के कारोबार और अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अगमकुआं थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक डिजायर कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 100 ग्राम ब्राउन शुगर, पांच जिंदा कारतूस और एक देशी कट्टा बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि एक डिजायर कार में सवार कुछ लोग मादक पदार्थ लेकर छोटी पहाड़ी से शीतला माता मंदिर होते हुए गायघाट की ओर जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया।

कार की तलाशी लेने पर पुलिस को 100 ग्राम ब्राउन शुगर, पांच जिंदा कारतूस और एक देशी कट्टा मिला। इसके बाद कार में सवार दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही डिजायर कार को भी जब्त कर लिया है।

एक आरोपी का पहले से रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से एक का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।

पुलिस मामले के अन्य संभावित आरोपियों और तस्करी नेटवर्क की भी जांच कर रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। नशे के कारोबार के साथ अवैध हथियारों की बरामदगी ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

पटना से विवेक कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें