BIHAR CRIME
पटना महिला हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, पूर्व पति मुकेश कुमार गिरफ्तार; घर से 21 कारतूस और चाकू बरामद
बेली रोड के पास उर्मिला देवी की गोली मारकर की गई थी हत्या,तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दबोचा;अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पटना: राजधानी पटना के हवाई अड्डा थाना क्षेत्र में हुए उर्मिला देवी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मुकेश कुमार (29) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी के दौरान 21 कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा उसके पास से एक चाकू और एक खोखा भी जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बीते गुरुवार की रात बेली रोड के पास उर्मिला देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए सचिवालय एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस लगातार तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर मामले की जांच कर रही थी।
फ्लैट की अलमारी से मिले 21कारतूस
सिटी एसपी सेंट्रल चंद्र प्रकाश ने बताया कि तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 30 अक्टूबर को आरोपी के फ्लैट में छापेमारी की थी। इस दौरान फ्लैट की अलमारी से 21 कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने 31 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे खगौल थाना क्षेत्र के लखनी बीघा स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी कर मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक चाकू और एक खोखा भी बरामद किया।
पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ खगौल और बिक्रम थाना क्षेत्रों में हत्या और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। वहीं, इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों को जुटाकर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
पटना से विवेक कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।