Live

BREAKING NEWS

पटना महावीर मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव की धूम, ध्वजारोहण के साथ हुई भव्य महाआरती,102 किलो के लड्डू का लगा भोग

D
Deepak Kumarलेखक

पटनाः संकटमोचन पवनपुत्र हनुमान जी के जन्मोत्सव के अवसर पर राजधानी पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में ध्वजारोहण के साथ भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन और पूजा-अर्चना में शामिल हुए। पूरा मंदिर परिसर जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारों से गूंज उठा।

इस बार हनुमान जन्मोत्सव पर महावीर मंदिर में महाभोग को लेकर भी विशेष बदलाव देखने को मिला। हर वर्ष जहां भगवान हनुमान को 51 किलो का विशाल लड्डू अर्पित किया जाता था, वहीं इस बार 102 किलो के लड्डू का भोग लगाया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ बजरंगबली की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई, ताकि भक्त सुगमता से दर्शन कर सकें। इस मौके पर महावीर मंदिर न्यास समिति के सचिव सायन कुणाल भी मौजूद रहे। उन्होंने जन्मोत्सव के आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर महावीर मंदिर में भक्ति, आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने संकटमोचन हनुमान से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, बल, बुद्धि और आरोग्य का आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना की।

पटना से अंकिता की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें