Live

BIHAR NEWS

पटना के महावीर मंदिर में कल मनेगी देवोत्थान एकादशी, शाम 6 बजे होगी भगवान विष्णु की विशेष पूजा

D
Deepak Kumarलेखक

चातुर्मास का होगा समापन, वैदिक मंत्रों से जगाए जाएंगे भगवान विष्णु; भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण में शामिल होंगे श्रद्धालु
पटनाः
राजधानी पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में शुक्रवार, 20 नवंबर को देवोत्थान एकादशी का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर भगवान विष्णु की विशेष वार्षिक पूजा आयोजित की जाएगी। मंदिर के पूर्व-दक्षिण कोण पर स्थित भगवान विष्णु के विग्रह के समक्ष शाम 6 बजे विशेष पूजा संपन्न होगी। इस अनुष्ठान में मंदिर के पुरोहितों के साथ बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु शामिल होंगे।

भगवान विष्णु के जागरण के साथ समाप्त होगा चातुर्मास

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक शुक्ल एकादशी को देवोत्थान एकादशी, हरिबोधिनी एकादशी और प्रबोधिनी एकादशी के नाम से जाना जाता है। मान्यता है कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी यानी हरिशयनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागृत होते हैं।

भगवान विष्णु के योगनिद्रा में रहने की चार महीने की अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। देवोत्थान एकादशी के साथ ही इस अवधि का समापन होता है। इसके बाद से मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है।

तुलसी के समीप होगी माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु की पूजा

देवोत्थान एकादशी के अवसर पर संध्याकाल में तुलसी के पौधे के समीप माता लक्ष्मी के साथ भगवान विष्णु की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। इस विशेष वार्षिक अनुष्ठान में भगवान को नैवेद्य के रूप में अन्न और तिल के बजाय फल, मूल और कन्द अर्पित किए जाएंगे।

वैदिक मंत्रों से होगा भगवान विष्णु का जागरण

पूजा के बाद व्रती श्रद्धालु पूजा सामग्री के साथ चौकी अथवा पीढ़े को सामूहिक रूप से तीन बार उठाएंगे। इस दौरान भगवान विष्णु को योगनिद्रा से जगाने के लिए पारंपरिक वैदिक मंत्रों का पाठ किया जाएगा।

जागरण के दौरान श्रद्धालु विशेष रूप से इस मंत्र का उच्चारण करेंगे—

उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द त्यज निद्रां जगत्पते।

त्वया चोत्थीयमानेन प्रोत्थितं भुवनत्रयम्॥

ॐ नमो भगवते वासुदेवाय॥

भजन-कीर्तन के साथ होगा रात्रि जागरण

विशेष पूजा के बाद श्रद्धालु अपनी स्थानीय परंपरा के अनुसार भजन-कीर्तन करते हुए रात्रि जागरण करेंगे। अगले दिन सुबह नित्यकर्म के बाद तुलसीदल के साथ व्रत का पारण किया जाएगा। वहीं, नक्तव्रत करने वाले श्रद्धालु रात्रि पूजा के बाद भगवान को अर्पित फलाहार नैवेद्य ग्रहण करेंगे।

धूमधाम से मनेगी देवोत्थान एकादशी- सायण कुणाल

श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने बताया कि इस वर्ष भी महावीर मंदिर में देवोत्थान एकादशी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वार्षिक पूजा में मंदिर के पुरोहितों और अनेक व्रतियों की सहभागिता रहेगी। एकादशी के अगले दिन यानी द्वादशी तिथि को देश के कई हिस्सों में पारंपरिक रूप से तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाएगा।

पटना से अंकिता की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें