PATNA CRIME
पटना के गेस्ट हाउस में युवक का संदिग्ध हालत में मिला शव, कमरे के फर्श पर पड़ा था मृतक; साथ आया शख्स फरार
मीठापुर पुरानी बस स्टैंड के पास श्रीराम गेस्ट हाउस में मिली लाश,गले में बंधा था गमछा; FSLटीम ने जुटाए साक्ष्य,पुलिस खंगाल रही CCTVफुटेज
पटना: बिहार की राजधानी पटना में एक गेस्ट हाउस के कमरे से युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना मीठापुर पुरानी बस स्टैंड के पास स्थित श्रीराम गेस्ट हाउस की है, जहां गुरुवार सुबह कमरे के अंदर युवक का शव फर्श पर पड़ा मिला। मृतक की पहचान रवि कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से समस्तीपुर का रहने वाला था और मध्य प्रदेश में पोल्ट्री फार्म का कारोबार करता था।
10नवंबर की रात एक अन्य व्यक्ति के साथ पहुंचा था गेस्ट हाउस
मिली जानकारी के अनुसार, रवि कुमार सिंह 10 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे एक अन्य व्यक्ति के साथ श्रीराम गेस्ट हाउस पहुंचा था। दोनों ने 500 रुपये प्रतिदिन के किराये पर एक कमरा लिया था। गेस्ट हाउस कर्मियों के मुताबिक, साथ आए व्यक्ति ने अपना नाम सुरेश वर्मा बताया था। मोबाइल डिस्चार्ज होने की बात कहकर उस समय आईडी नहीं दी गई थी।
सुबह कमरे में फर्श पर पड़ा मिला शव
बताया जाता है कि गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे गेस्ट हाउस का कर्मचारी राजा कुमार कमरे का किराया लेने पहुंचा। उसने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा खुलने पर कमरे के अंदर का दृश्य देखकर कर्मचारी के होश उड़ गए। रवि कुमार सिंह का शव कमरे के फर्श पर पड़ा था और उसके गले में गमछा बंधा हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही जक्कनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे में प्रवेश कर जांच शुरू की।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस जांच में जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की और मामले की छानबीन में जुट गई।
साथ आए व्यक्ति की तलाश में पुलिस
इस पूरे मामले में गेस्ट हाउस में रवि कुमार के साथ पहुंचे दूसरे व्यक्ति की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है। होटल कर्मियों के अनुसार, उसने अपना नाम सुरेश वर्मा बताया था। पुलिस उसकी पहचान और वर्तमान ठिकाने का पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल युवक की मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पटना से विवेक कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।