Live

BIHAR NEWS

पटना हाईकोर्ट का बड़ा फैसला! अविवाहित महिला की पारिवारिक पेंशन से 3.30 लाख की वसूली पर लगाई रोक

D
Deepak Kumarलेखक

पटना हाईकोर्ट ने केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड द्वारा एक अविवाहित महिला की पारिवारिक पेंशन से 3,30,848 रुपये की वसूली के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है।जस्टिस पूर्णेंदु सिंह की एकलपीठ ने रीना कुमारी की रिट याचिका पर सुनवाई करते हुए यह महत्वपूर्ण आदेश पारित किया।

2013 से मिल रही थी पारिवारिक पेंशन
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि विभाग की गणना संबंधी चूक के लिए पेंशनभोगी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।याचिकाकर्ता के अधिवक्ता प्रशांत प्रताप ने हाईकोर्ट के समक्ष पक्ष रखते हुए कहा कि याचिकाकर्ता की माता स्व. लैश देवी के निधन के बाद 2013 से उन्हें नियमानुसार पारिवारिक पेंशन मिल रही है।

अधिवक्ता प्रशांत प्रताप ने दलील दी कि 02/08 जून, 2026 के आदेश के जरिए विभाग ने फरवरी 2023 से अप्रैल 2026 तक अधिक भुगतान होने का हवाला देकर 56 किस्तों में 6,000 रुपये प्रतिमाह काटने का निर्देश दिया है। उन्होंने इसे कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के 2 मार्च, 2016 के कार्यालय ज्ञापन का उल्लंघन बताया।

विभागीय गलती के लिए पेंशनभोगी कैसे जिम्मेदार?
अधिवक्ता प्रताप ने कोर्ट को यह भी बताया कि पेंशन निर्धारण में याचिकाकर्ता की कोई भूमिका नहीं थी और न ही उन्होंने कोई धोखाधड़ी की हैं। इसके अलावा, पेंशन रोकने की धमकी देकर दबाव में सादे कागज पर उनके हस्ताक्षर लिए गए और उसे वसूली की सहमति बना दिया गया। 12 जुलाई को दिए गए उनके अभ्यावेदन पर भी विभाग ने कोई विचार नहीं किया।

हाईकोर्ट ने वसूली आदेश पर लगाई रोक
दूसरी ओर, प्रतिवादी केंद्र सरकार एवं विभाग की ओर से अधिवक्ता अमित पांडेय ने पक्ष रखा। उन्होंने मामले में विस्तृत तथ्य और विभागीय पक्ष रखने के लिए कोर्ट से प्रति-शपथपत्र दाखिल करने हेतु समय देने का आग्रह किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने प्रथम दृष्टया माना कि अधिक भुगतान विभागीय गलती से हुआ है, जिसमें याचिकाकर्ता की कोई गलतबयानी नहीं थी।

15 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
कोर्ट ने वसूली आदेश के क्रियान्वयन पर रोक लगाते हुए संबंधित अधिकारियों को याचिकाकर्ता की शिकायत का निवारण करने तथा उनके अभ्यावेदन पर विधि-सम्मत निर्णय लेने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर, 2026 को निर्धारित की गई है।

पटना से आनंद वर्मा का रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें