Live

BIHAR POLITICS

नितिन नवीन ने दीघा घाट पर लगाई गंगा में डुबकी, बोले- पिताजी के समय से छठ से जुड़ा है परिवार

D
Deepak Kumarलेखक

नहाय-खाय पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दीघा घाट पर किया गंगा स्नान, छठ से जुड़ी बचपन की यादें साझा कीं

पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो गई है। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार को पटना के दीघा स्थित पाटलिपुल घाट पहुंचे। यहां उन्होंने मां गंगा में पवित्र स्नान किया और पूजा-अर्चना कर छठी मइया का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने छठ महापर्व से जुड़ी अपनी बचपन की यादें भी साझा कीं।

नितिन नवीन ने कहा कि छठ केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि बिहार की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। यह महापर्व सभी को अद्वितीय ऊर्जा और शक्ति प्रदान करता है। व्यक्तिगत रूप से भी उनके जीवन में छठ का विशेष महत्व है।

पाटलिपुल घाट पर छठ मनायेंगे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष

उन्होंने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से दीघा के पाटलिपुल घाट पर छठ मनाता आ रहा है। उनके पिताजी के समय से ही परिवार का इस घाट से गहरा जुड़ाव रहा है। बचपन से ही वे इसी घाट पर छठ का अर्घ्य देने आया करते थे। इस पर्व को देखते हुए ही उनका बचपन बीता है।

भाजपा अध्यक्ष ने छठ की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पर्व परिवार की एकजुटता, स्वच्छता, पवित्रता और अनुशासन का संदेश देता है। भगवान सूर्य, मां गंगा और प्रकृति के प्रति श्रद्धा के साथ किसानों के परिश्रम से उपजे अन्न से प्रसाद तैयार करना इस पर्व की विशेष पहचान है।

देश-दुनिया में बढ़ रही छठ की पहचान

नितिन नवीन ने कहा कि बिहार के लोग देश और दुनिया के जिस हिस्से में भी बसे हैं, वहां अपनी संस्कृति और छठ की परंपरा को लेकर गए हैं। न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, मुंबई के गिरगांव चौपाटी और दिल्ली में भी छठ महापर्व की व्यापकता दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि छठ की परंपरा अब बिहार की सीमाओं से निकलकर वैश्विक पहचान बना रही है। चार दिनों तक चलने वाला यह महापर्व लोगों को नई ऊर्जा देता है, जो पूरे साल अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के निर्वहन में संबल प्रदान करती है। इस मौके पर नितिन नवीन ने छठ महापर्व की पवित्रता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें