Live

BREAKING NEWS

नशामुक्त बिहार अभियान को मिली रफ्तार, जीविका दीदियों ने 53.76 लाख लोगों तक पहुंचाया जागरूकता संदेश, 1.86 लाख लोगों ने ली शपथ

D
Deepak Kumarलेखक

बिहार में नशामुक्त समाज के निर्माण की मुहिम को अब ग्रामीण क्षेत्रों में नई मजबूती मिल रही है। मुख्यमंत्री की सरकार के विशेष अभियान में जीविका दीदियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित जीविका की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं गांव-गांव पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर रही हैं। 27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक चलाए जा रहे विशेष नशामुक्त बिहार अभियान के तहत अब तक 53 लाख 76 हजार 891 महिला और पुरुषों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा चुका है।

1.86 लाख से अधिक लोगों ने ली शपथ

अभियान के तहत अब तक 1 लाख 86 हजार 660 से अधिक लोगों ने नशे से दूर रहने की औपचारिक शपथ ली है। जीविका दीदियां सामुदायिक बैठकों, जनसंपर्क कार्यक्रमों और विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

5,744 नशामुक्ति मित्र पंजीकृत

ग्रामीण विकास विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 तक राज्य में 5,744 नशामुक्ति मित्र पंजीकृत किए जा चुके हैं। वहीं, विभिन्न जिलों में 6,812 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जागरूकता वाहन, हेल्पलाइन, वाट्सएप चैटबॉट और नुक्कड़ कार्यक्रमों का भी सहारा लिया जा रहा है।

21,268 शिक्षण संस्थानों तक पहुंचा अभियान

युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए राज्य के 21,268 शिक्षण संस्थानों में भी जागरूकता अभियान चलाया जा चुका है। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी जा रही है।

श्रवण कुमार ने जीविका दीदियों की सराहना की

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि स्वस्थ, नशामुक्त और समृद्ध समाज के निर्माण में जीविका दीदियों की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले रहा है। सरकार का लक्ष्य इस संदेश को बिहार के हर गांव और हर परिवार तक पहुंचाना है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें