Live

BIHAR POLITICS

MLC चुनाव में तीन सीटों पर हार के बाद JDU में मंथन, भितरघात के आरोपों पर आज होगी अहम समीक्षा बैठक

D
Deepak Kumarलेखक

एमएलसी चुनाव में हार के बाद जदयू में मंथन,अपनों पर ही भितरघात के गंभीर आरोप

पटना: बिहार विधान परिषद की शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव परिणाम आने के बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में सियासी हलचल तेज हो गई है। तीन सीटों पर हार के बाद पार्टी गुरुवार को चुनाव परिणामों की समीक्षा करेगी। प्रदेश कार्यालय में आयोजित होने वाली इस अहम बैठक में हार के कारणों के साथ-साथ पार्टी के भीतर सामने आए भितरघात के आरोपों पर भी चर्चा होगी।

बैठक में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा,संबंधित क्षेत्रों के प्रत्याशी,चुनाव प्रभारी और पार्टी के प्रमुख नेता शामिल होंगे। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बैठक की जानकारी दी है।

दरअसल,भाजपा के साथ सीटों के तालमेल में जदयू को दो शिक्षक और दो स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें मिली थीं। इनमें पटना स्नातक क्षेत्र से नीरज कुमार ने जीत दर्ज की,जबकि अन्य तीन सीटों पर पार्टी के उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा।

एनडीए नेताओं पर भी लगे आरोप

चुनाव में हार के बाद तिरहुत स्नातक क्षेत्र के प्रत्याशी अभिषेक झा ने एनडीए के नेताओं पर ही उन्हें हराने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। वहीं,सारण शिक्षक क्षेत्र के प्रत्याशी आनंद पुष्कर ने भाजपा सांसदों राधामोहन सिंह,राजीव प्रताप रूडी और जनार्दन सिंह सिग्रीवाल पर चुनाव में अपेक्षित सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है।

आनंद मोहन की भूमिका पर भी चर्चा

तिरहुत और सारण के जदयू प्रत्याशियों ने पूर्व सांसद आनंद मोहन पर निर्दलीय उम्मीदवारों की मदद करने का आरोप लगाया है। चुनाव में जीतने वाले निर्दलीय विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज को लेकर भी पार्टी में चर्चा होने की संभावना है।

पटना स्नातक सीट पर जीत के बावजूद पार्टी नेताओं पर भितरघात के आरोप लगे हैं। ऐसे में आज की समीक्षा बैठक में जदयू के भीतर चुनावी हार और संगठनात्मक खामियों को लेकर अहम फैसले सामने आ सकते हैं।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें